पटना: बरौनी और गुजरात के भुज के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी मिलने पर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुशी जताई है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ट्रेन से हाजीपुर समेत बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
चिराग पासवान ने अपने एक्स हैंडल पर रेल मंत्री को भेजे गए पत्र को साझा किया। उन्होंने कहा कि हाजीपुर क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के आग्रह पर भुज-बरौनी के बीच नई सेवा को स्वीकृति मिली है।
चार राज्यों के प्रमुख शहरों को जोड़ेगी ट्रेन
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 2532 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख शहरों एवं स्टेशनों को आपस में जोड़ेगी।
बिहार में ट्रेन का रूट बरौनी से शुरू होकर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और छपरा से होकर आगे बढ़ेगा। इसके बाद ट्रेन उत्तर प्रदेश और राजस्थान से गुजरते हुए गुजरात के भुज पहुंचेगी।
क्या रहेगा ट्रेन का समय
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
सप्ताह में तीन दिन होगा संचालन
भुज से बरौनी जाने वाली ट्रेन का परिचालन सोमवार, बुधवार और शनिवार को प्रस्तावित है। वापसी में बरौनी से भुज के लिए ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
बरौनी से हाजीपुर के रास्ते यह ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और लखीमपुर समेत कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा गोंडा और गोरखपुर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी वाणिज्यिक ठहराव निर्धारित किया गया है।
चिराग पासवान ने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से हाजीपुर और बिहार के यात्रियों को गुजरात तथा देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
