रांची: हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतह में NTPC के DGM कुमार गौरव की दिनदहाड़े अज्ञात आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जिसके बाद प्रदेश में विपक्षी दल बीजेपी सरकार पर हमलावर है. विपक्ष लगातार प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. इसी कड़ी में बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने हेमंत सोरेन सरकार तीखा हमला बोला है. एक के बाद एक घट रही आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में जब जब हेमंत सोरेन की सरकार बनती है, तब तब यहां अपराधियों का राज हो जाता है.
बीजेपी प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने आगे कहा कि राज्य के अन्य जिलों में रोज घट रही आपराधिक घटनाओं की बात छोड़ दीजिए अब तो राजधानी रांची में दिनदहाड़े सड़क पर गोली मारी जा रही है. कोयला व्यवसायी विपिन मिश्रा को कल बरियातू में मारी गई गोली इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है. उससे ठीक एक दिन पहले रांची के चान्हो में भी मंदिर के पुजारी की हत्या हुई थी. इन सब सिलसिलेवार हमलों के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है.
पैरालाइज्ड हो चुकी है कानून व्यवस्था: बीजेपी प्रवक्ता
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल चरम पर है. पूरी व्यवस्था पैरालाइज्ड हो गई है. ऐसे में अगर अपराध पर लगाम नहीं लगा तो जनता सड़कों पर उतरेगी. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकार अब तत्काल हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करे ताकि राज्य की जनता में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास पैदा हो सके.
कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है सरकार: राकेश सिन्हा
वहीं बीजेपी प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह के सवाल पर पलटवार करके हुए कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि जब सरकार पूरी संजीदगी से काम कर रही है तो प्रशासन को भी संजीदा होना होगा. कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने बताया कि विधि व्यवस्था को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अपने अपने जिले के लिस्टेड अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई करे.


