Saturday, September 26, 2026

खूंटी में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 276 पुलिसकर्मियों का तबादला.

Share

खूंटी: जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। एसपी के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक से लेकर हवलदार और आरक्षी तक कुल 276 पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की नई जगहों पर तैनाती की गई है।

कई पुलिस निरीक्षकों की बदली जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक पुलिस केंद्र में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक बाबू बंशी साव को खूंटी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल में पुलिस निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा 14 पुलिस पदाधिकारियों के पदस्थापन में भी बदलाव किया गया है। सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है। एएसआई लालजी यादव की तोरपा थाना, अमित भूषण कुजूर की तपकारा थाना और किरीटी भूषण महतो की मुरहू थाना में पदस्थापना की गई है। महिला एएसआई मंजु लकड़ा को खूंटी थाना से हिंदी शाखा भेजा गया है।

247 जवानों की भी बदली तैनाती

एसपी कार्यालय से जारी एक अन्य आदेश के तहत जिला बल के 247 हवलदारों और आरक्षियों की भी प्रतिनियुक्ति बदली गई है। इन्हें खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ समेत अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी दी गई है।

इन जवानों की तैनाती रिजर्व गार्ड, उपकारा सुरक्षा, व्यवहार न्यायालय, लोधमा पिकेट के साथ-साथ वीआईपी और प्रशासनिक आवास की सुरक्षा में की गई है।

24 घंटे में योगदान का निर्देश

एसपी ने तबादले के दायरे में आए सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर नई जगह योगदान देने को कहा है। साथ ही नई पदस्थापना पर योगदान की अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करने का निर्देश दिया गया है।

Read more

Local News