स्वदेशी कार निर्माता कंपनी Tata Motors 30 जून को अपनी प्रोडक्शन-स्पेक Tata Sierra EV को बाजार के लिए पेश करने वाली है. कंपनी ने इस कार को पहली बार Auto Expo 2020 में कॉन्सेप्ट के तौर पर प्रदर्शित किया था. इस मिडसाइज़ SUV में हैरियर EV के साथ अपनी ज़्यादातर टेक्नोलॉजी शेयर करने की उम्मीद है, साथ ही Sierra ICE के खास डिज़ाइन को भी इसमें लिया जा सकता है.
Tata Sierra EV में कौन से बैटरी और पावरट्रेन ऑप्शन?
Tata Sierra EV में कंपनी का acti.ev+ आर्किटेक्चर इस्तेमाल किया जा सकता है, जो Tata Harrier EV में भी देखने को मिलता है. इस कार में Tata Harrier EV के 65kWh और 75kWh बैटरी पैक ऑप्शन भी हो सकते हैं, हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक स्पेसिफिकेशन्स के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
Tata Motors ने पहले ही इस बात की पुष्टि की है कि Sierra EV रियर-व्हील-ड्राइव और डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव कॉन्फ़िगरेशन दोनों विकल्पों में पेश की जाएगी. इसमें डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव बड़े 75kWh बैटरी पैक के लिए रिज़र्व होने की उम्मीद है.
चूंकि Sierra EV, Harrier EV से छोटी है, इसलिए यह उन्हीं बैटरी पैक का इस्तेमाल करके ज़्यादा ड्राइविंग रेंज दे सकती है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Tata Harrier EV की रेंज 627km तक होने का दावा किया गया है.
Tata Sierra EV, ICE Sierra से डिजाइन में अंतर?
Sierra EV के डिजाइन की बात करें तो इसका ओवरऑल डिज़ाइन ICE-पावर्ड Sierra जैसा ही है, लेकिन इसमें EV के हिसाब से कुछ स्टाइलिंग बदलाव हैं.

कार में आगे की तरफ, बॉडी-कलर की ब्लैंक्ड-ऑफ ग्रिल लगाई गई है, जो काम की नहीं है, साथ ही नया फ्रंट बंपर भी लगाया गया है. ICE Sierra के उलट, इसके EV वर्जन में फ्रंट LED लाइट बार के नीचे ‘Sierra’ की बैजिंग भी नहीं मिलती है.
इसके अलावा, दोनों SUVs काफी हद तक एक जैसी ही लगती हैं. Tata Sierra EV में ओरिजिनल ICE Sierra से प्रेरित अपराइट प्रोपोर्शन, कनेक्टेड LED लाइटिंग और ब्लैक-आउट रियर ग्लास एलिमेंट को बरकरार रखा गया है. यहां तक कि 19-इंच के एलॉय व्हील डिज़ाइन भी ICE मॉडल जैसे ही रखे जा सकते हैं. हालांकि, Sierra EV में नए कलर ऑप्शन दिए जा सकते हैं.
Tata Sierra EV में कौन से फीचर्स होंगे?
Tata Sierra EV में ICE Sierra का केबिन ही होगा, जिसमें EV के लिए कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए जाएंगे. कार के हायर वेरिएंट में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप मिल सकता है, जिसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3-इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 12.3-इंच का पैसेंजर डिस्प्ले दिया जाएगा, जबकि इसके लोअर वेरिएंट में डुअल-स्क्रीन लेआउट मिल सकता है.
इसके अन्य संभावित फीचर्स पर नजर डालें तो इस कार में पैनोरमिक सनरूफ, हेड-अप डिस्प्ले, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और कई ड्राइव मोड शामिल हैं.
Tata Sierra EV की अनुमानित कीमत क्या होगी?
संभावना जताई जा रही है कि Tata Sierra EV की कीमत 18 लाख रुपये से 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी जा सकती है, जो कंपनी की इलेक्ट्रिक एसयूवी लाइन-अप में Curvv EV और Harrier EV के बीच रखी जाएगी. बाजार में इसका मुकाबला Mahindra BE 6, Hyundai Creta Electric, MG ZS EV और Maruti e-Vitara से होगा


