साहिबगंज: जिले में भी गंगा दशहरा का भव्य संगम देखने को मिला. यहां मंगलवार को मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट के किनारे बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती की गई. आरती के लिए बनारस के 70 सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंची थी, जिसका नेतृत्व आचार्य शुभम मिश्रा ने किया.
इस आरती में आचार्य शुभम मिश्रा, मनोज कुमार, किशन कुमार, कुंदन कुमार सहित 11 गंगा आरती पुरोहित, 12 रिद्धि सिद्धि, 11 वैदिक ब्राह्मण, 11 शंख वादक, 21 डमरू वादक, 5 घड़ी घंट वाले सदस्य शामिल थे. पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट पर मां गंगा की विशेष पूजा अर्चना किया.
गंगा विशेष पूजन में मां गंगा को दूध, दही, फल, कमल फूल, गन्ना का रस, आम का रस, मधु, चन्दन, रोली, वस्त्र चुनरी सहित पूजन सामग्री चढ़ाकर पूजन किया गया. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गंगा महाआरती की गई. इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव की ओर से गंगा घाट किनारे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां गंगा का पूजन व दूध अभिषेक किया गया. गर्म गंगा घाट से मनिहारी गंगा घाट तक और मनिहारी गंगा घाट से मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी गंगा घाट तट तक मां गंगा का 11 हजार लीटर दूध से अभिषेक किया गया.
इसके अलावा 11 क्विंटल फल, मिठाई, 1100 पीस नारियल सहित पूजन सामग्री चढ़ाया गया. ऐसा माना जाता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं. इस मौके पर हर साल गंगा आरती बड़े धूमधाम से मनाई जाती है.



