रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। प्रतियोगिता के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन 26 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी। आयोजन को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। रांची को पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने से फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सात मुकाबलों की मेजबानी करेगा रांची
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा। आयोजन को लेकर राज्य सरकार, भारतीय सेना, जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में मैदान, फ्लडलाइट, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले
ग्रुप-सी में जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स, एससी दिल्ली और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के दौरान जमशेदपुर एफसी के विंगर ऋत्विक दास और डिफेंडर प्रतीक चौधरी सहित कई प्रमुख खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे। विदेशी टीम की भागीदारी से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप भी मिलेगा।
दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा मुफ्त
खेल विभाग ने दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रखा है, लेकिन प्रवेश केवल फ्री टिकट के आधार पर ही मिलेगा। टिकट वितरण के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे और स्टेडियम की क्षमता के अनुसार ही टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि पिछले आयोजनों के अनुभव को देखते हुए इस बार प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सहित सभी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
मैचों का कार्यक्रम
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 26 जुलाई शाम 5 बजे खेला जाएगा, जिसमें जमशेदपुर एफसी का सामना डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका) से होगा। इसके बाद लीग चरण के मैच 29 जुलाई, 4 अगस्त, 7 अगस्त, 10 अगस्त और 13 अगस्त को आयोजित होंगे, जबकि 16 अगस्त को क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इस आयोजन से झारखंड के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।


