Saturday, August 8, 2026

सरायकेला: कुनाबेड़ा चौक पर झामुमो ने शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि.

Share

राजनगर: शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को राजनगर प्रखंड के कुनाबेड़ा चौक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।

झामुमो कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम ने किया। कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर पैदल कुनाबेड़ा चौक पहुंचे। इस दौरान ‘जय झारखंड’ और ‘शहीद निर्मल महतो अमर रहें’ जैसे नारे लगाए गए। प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

झामुमो नेता कालीपद सोरेन ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड आंदोलन को मजबूती देने के साथ क्षेत्र के लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा और उनके सपनों के झारखंड के निर्माण की दिशा में काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पद्मभूषण सम्मान देने की मांग

कार्यक्रम के दौरान झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से शहीद निर्मल महतो को पद्मभूषण से सम्मानित करने की मांग भी उठाई। नेताओं का कहना था कि झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और बलिदान को देखते हुए उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा जाना चाहिए।

मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, दिलीप महतो, सुबोल महतो, छुटू महतो, भक्तु मार्डी, सिंह सरदार, सुधीर मुर्मू, मुबारक हुसैन, सूरज सोरेन और राजाराम सरदार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Read more

Local News