पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेलमंडल ने मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के परिचालन के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना बनाई है। कपरपुरा से सुगौली तक पुल-पुलिया और नई रेल लाइन पर 85.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में कपरपुरा-जीवधारा खंड पर काम होगा। इससे यात्री और माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी साथ ही यात्रियों के लिए सुविधाएँ भी बढ़ेंगी।
मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेलमंडल से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन चलने की योजना को लेकर रेल पटरी से लेकर पुल-पुलिया दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
इसको लेकर मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर कपरपुरा से लेकर सुगौली तक पुल, पुलिया, मिट्टी भराई, नई रेल लाइन, यार्ड आदि पर 85.66 करोड़ से अधिक खर्च करने की योजना बनाई गई है। इसका टेंडर भी जारी कर दिया गया है।
इस टेंडर के पहले फेज में कपरपुरा से जीवधारा खंड को लिया गया है। वहां तक रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के बाद आगे फिर से टेंडर निकाल काम बढ़ाया जाएगा। इससे यात्री एवं माल ढुलाई दोनों की क्षमता में बढ़ाेतरी होगी।
इस परियोजना में रिटेनिंग वॉल का भी निर्माण कराया जाना है, जो मिट्टी के कटाव को रोकने व ट्रैक की मजबूत रखेगा। प्लेटफार्म गेट, लाज का निर्माण आदि भी शामिल किया गया है। इसके अलावा एप्रोच रोड भी बनाया जाएगा।
इससे यात्रियों को स्टेशनों तक पहुंचने आसान होगी। यार्ड ड्रेन व वारफेज सहित अन्य जरूरी कार्य भी इस टेंडर में शामिल किया गया है, इससे मुजफ्फरपुर-सुगौली मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होगी।


