Sunday, August 2, 2026

श्रावणी मेला: श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उपायुक्त ने बाबा मंदिर और मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण.

Share

देवघर: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रविवार सुबह उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रमुख मार्गों और क्यू कॉम्प्लेक्स का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, नेहरू पार्क और बीएड कॉलेज मार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़े इंतजामों का भी निरीक्षण किया।

कंट्रोल रूम से की लाइव मॉनिटरिंग

उपायुक्त ने मेला नियंत्रण कक्ष पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर डाली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान बाबा मंदिर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सहायता केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश

उपायुक्त ने सूचना एवं सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी और अमानत घर (क्लॉक रूम) में तैनात कर्मियों को चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की सहायता करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से कहा गया कि वे सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं, ताकि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Read more

Local News