रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पार्टी के संस्थापक एवं ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को राज्यभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस अवसर पर झारखंड के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।
मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकड्यांटांड़ में होगा, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
झामुमो के अनुसार, जिला स्तर पर प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि आम नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित कर सकें। कई जिलों में स्थानीय समितियां शिबू सोरेन की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी में भी जुटी हैं।
रांची में भी जिला इकाई की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर में उपयुक्त स्थान पर शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र, फल और दवाओं का वितरण, रक्तदान शिविर तथा अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। राजधानी में अलबर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की भी तैयारी की जा रही है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शिबू सोरेन के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और विचारों से परिचित कराना है।
