मेटा ने आखिरकार भारत में भी व्हाट्सएप प्लस (WhatsApp Plus) सब्सक्रिप्शन को सभी यूज़र्स के लिए रोलआउट कर दिया है. कुछ हफ्ते पहले इसे सीमित देशों में सीमित यूज़र्स के लिए शुरू किया गया था. अब इस फीचर को भारत के भी सभी यूज़र्स के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया गया है.
अगर आपके व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाने के बाद सब्सक्रिप्शन का ऑप्शन दिखाई नहीं दे रहा है तो आप अपने गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर में जाकर अपने व्हाट्सएप को अपडेट करें. उसके बाद फिर से व्हाट्सएप खोलें और सेटिंग्स में जाएं, वहां पर आपको एक नया सब्सक्रिप्शन का ऑप्शन दिखाई देगा. अगर फिर भी आपको सब्सक्रिप्शन का ऑप्शन ना दिखाई दें तो आप कुछ दिनों का इंतजार करके फिर से व्हाट्सएप अपडेट करके चेक करें.
व्हाट्सएप ने एंड्रॉयड और आईओएस दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम्स पर व्हाट्सएप प्लस यानी सब्सक्रिप्शन सर्विस को शुरू कर दिया है, जैसा कि आप हमारे द्वारा अटैच किए गए स्क्रीनशॉट्स में भी देख सकते हैं. व्हाट्सएप ऐप के अंदर सेटिंग्स में जाने के बाद आपको सब्सक्रिप्शन का ऑप्शन दिखाई देगा. उसके अंदर आपको सब्सक्रिप्शन सर्विस के फीचर्स और कीमत की जानकारी भी दिखाई देगी. व्हाट्सएप प्लस सब्सक्रिप्शन के लिए आपको 79 रुपये प्रति महीना खर्च करना पड़ेगा. हालांकि, व्हाट्सएप पहले महीने के लिए फ्री ट्रायल ऑफर कर रही है.

WhatsApp Plus में क्या मिलेगा?
व्हाट्सएप प्लस के खास फीचर्स में ये सबकुछ शामिल हैं:
- एक्सक्लूसिव स्टीकर्स:आप अपने दोस्तों को एक्सक्लूसिव स्टीकर्स भेज पाएंगे, जो आपको नॉर्मल व्हाट्सएप पर नहीं मिलते हैं.
- कस्टम ऐप आइकन:आप अपने इच्छानुसार व्हाट्सएप के आइकन को कस्टमाइज़ कर सकते हैं, जैसे- उसका कलर आदि बदल सकते हैं.
- ऐप थीम:आप व्हाट्सएप की थीम को भी अपने हिसाब से बदल सकते हैं, जिसके बाद व्हाट्सएप का इंटरफेस नॉर्मल से अलग लगेगा.
- एक्सक्लूसिव रिंगटोन्स:इसमें आपको एक्सक्लूसिव रिंगटोन्स की सुविधा भी मिलेगी, जिसमें आपको यूनिक साउंड्स सुनने को मिलेंगे.
- चैट लिस्ट अपग्रेड:व्हाट्सएप प्लस में आपको चैट लिस्ट अपग्रेड करने का ऑप्शन भी मिलेगा. आप अपने हिसाब से चैट्स को ऑर्गनाइज्ड कर पाएंगे कि किसे ऊपर या नीचे रखना है.
- पिन एक्स्ट्रा चैट्स:नॉर्मल व्हाट्सएप में आप ज्यादा से ज्यादा 3 चैट्स को ही पिन कर पाते हैं, लेकिन पेड व्हाट्सएप में आप 20 चैट्स को पिन कर पाएंगे.
ये सभी फीचर्स कॉस्मेटिक और पर्सनलाइजेशन पर आधारित हैं. मेटा ने इनके बारे में क्लियर किया है कि कोर फीचर्स यानी मैसेजिंग, वॉइस कॉल, वीडियो कॉल और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पूरी तरह से फ्री रहेंगे. कोई भी यूज़र व्हाट्सएप का पेड प्लान खरीदने बिना भी व्हाट्सएप का पूरा इस्तेमाल बिल्कुल वैसे ही कर पाएगा, जैसे वो पहले कर रहा था. पेड सब्क्रिप्शन लेने के बाद यूज़र्स को कुछ वो फीचर्स मिलेंगे, जो पहले नहीं मिलते थे.
भारत में व्हाट्सएप प्लस का सब्सक्रिप्शन प्राइस 79 रुपये प्रति महीना है जबकि ग्लोबल मार्केट में इसकी कीमत 2.99 डॉलर तक है. इसका सब्सक्रिप्शन एप्पल ऐप स्टोर या गूगल प्ले स्टोर के जरिए मैनेज किया जाता है और ये ऑटो-रिन्यू होता है, जिसे सेटिंग्स से कैंसल किया जा सकता हैय
मेटा का कहना है कि यह सब्क्रिप्शन उन यूज़र्स के लिए है, जो ऐप को ज्यादा पर्सनलाइज़ और ऑर्गनाइज्ड तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं. कंपनी फीडबैक लेकर फीचर्स को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है.
यूज़र्स के रिएक्शन
भारत के यूज़र्स इस फीचर को लेकर मिला-जुला रिएक्शन दे रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि सब्सक्रिप्शन की कीमत ज्यादा नहीं है तो कुछ एक्स्ट्रा फीचर्स का इस्तेमाल करके व्हाट्सएप एक्सपीरियंस को बदला जा सकता है. हालांकि, कुछ यूज़र्स का कहना है कि पेड सब्सक्रिप्शन के फीचर्स ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है और इसलिए फ्री वर्ज़न ही काफी है. हालांकि, कुछ लोग कस्टमाइजेशन फीचर्स और एक्स्ट्रा चैट्स को पिन करने की सुविधा काफी पसंद कर रहे हैं.


