भारत के अंडर-19 स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे अंडर-19 वनडे मैच में रिकॉर्ड शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. 14 वर्षीय वैभव ने मैच में 78 गेंदों पर सनसनीखेज 143 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 10 छक्के शामिल थे. वैभव ने सिर्फ 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसके साथ वो अंडर-19 वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए.
इस रिकॉर्ड शतकीय पारी के बाद वैभव ने कहा कि इसके बारे में उन्हे कुछ भी नहीं पता था, जब वो पवेलियन वापस आए तो उसे बताया गया कि उसने बड़ा कारनामा अंजाम दिया है. उसके अलावा वैभव ने अपने अगले बड़े लक्ष्य का भी खुलासा किया और कहा कि युवा वनडे में दोहरा शतक लगाना उनका अगला बड़ा लक्ष्य होगा.
रिकॉर्ड शतक जड़ने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने बोली बड़ी बात
बीसीसीआई द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव ने कहा, ‘मुझे उनसे (शुभमन गिल) बहुत प्रेरणा मिली क्योंकि मैंने उनका खेल देखा था. 100 और 200 रन बनाने के बाद भी, वे खेलते रहे और टीम को आगे ले जाते रहे. मेरे दिमाग में था कि मैं और खेल सकता था क्योंकि मेरे पास बहुत समय बचा था. जब मैं आउट हुआ तो उस समय भी 20 ओवर बाकी थे. एक शॉट ऐसा था जिसमें मैंने अपना 100% नहीं दिया और इसलिए मैं आउट हो गया. मैं उनकी (शुभमन गिल) तरह लंबे समय तक खेलने की कोशिश करूंगा.
अपने आउट होने पर बात करते हुए वैभव ने बड़ा स्कोर करने से चूकने पर खेद व्यक्त किया, और कहा, ‘मुझे बुरा लगता है कि मैं अंडर-19 मैच में 143 रन पर आउट हो गया. मेरे पास बहुत समय था लेकिन एक शॉट जिसमें मैंने अपना 100% नहीं दिया, उसने मेरी पारी को समाप्त कर दिया.’ अपने अगले लक्ष्य के बारे में बात करते हुए युवा बल्लेबाज ने कहा, ‘मेरा अगला लक्ष्य वनडे में दोहरा शतक बनाना है. मैं अगले गेम में पूरे 50 ओवर खेलने की कोशिश करूंगा. मैं जितने अधिक रन बनाऊंगा, टीम को उतना ही अधिक लाभ होगा.’
इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 का चौथा मैच
मैच की बात करें तो चौथे वनडे में इंग्लैंड अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का विकल्प चुना था. जिसके बाद भारत अंडर-19 ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 45.3 में 308 रनों पर ही सिमट गई. जिससे मेजबान को 55 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज भारत ने 3-1 से अपने नाम कर ली है, जबकि एक मैच खेलना बाकी है


