भारतीय मेंस सीनियर टीम यूके के दौरे पर है. जहां वो कुल 7 टी20 मैच खेलने वाली है. दौरा का आगाज शुक्रवार (26 जून) से बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से होगा. उसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी.
- ये दोनों सीरीज काफी काफी ज्यादा चर्चे का विषय बनी हुई है, क्योंकि पहली बार टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे. इसके अलावा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारतीय टीम में शामिल हैं.
क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
अगर वैभव सूर्यवंशी को सीरीज में पदार्पण का मौका मिलता है तो वो डेब्यू करने वाले भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बन जायेंगे. वह इस मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने 1989 में 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में टेस्ट पदार्पण किया था.
वैभव के ड्रेसिंग रूम पर चर्चा क्यों?
इस सीरीज के शुरू होने से पहले ही वैभव के ड्रेसिंग रूम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. कहा जा रहा है कि वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड में अलग से ड्रेसिंग रूम दिया जाएगा. वो सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर नहीं कर सकेंगे. इसके पीछे की वजह ये है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सुरक्षा नियमों और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के दिशानिर्देशों के तहत अंडर-16 खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम का उपयोग करने की अनुमति नहीं होती है.
हालांकि सूर्यवंशी मैच के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम में रह सकते हैं और टीम की बैठकों में भी शामिल हो सकेंगे, लेकिन नियम केवल कपड़े बदलने के समय लागू होंगे. कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह व्यवस्था इंग्लैंड के खेलों में आम है. उदाहरण के तौर पर आर्सेनल के मैक्स डॉउमैन को भी पिछले सत्र में इसी तरह अलग चेंजिंग सुविधा दी गई थी, जब तक कि वह दिसंबर में 16 वर्ष के नहीं हो गए.
भारतीय घरेलू क्रिकेट या इंडियन प्रीमियर लीग में ऐसे नियम लागू नहीं होते हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के साथ अपने दो सीजन के दौरान, सूर्यवंशी ने बिना किसी ऐसी पाबंदी के सीनियर टीम के साथियों के साथ ड्रेसिंग-रूम की सुविधाओं का इस्तेमाल किया था. सूर्यवंशी के माता-पिता भी इस दौरे पर उनके साथ रहने की संभावना है.


