बिहार के लाल दिलीप कुमार ने एक बार फिर से जीतकर न केवल बिहार का बल्कि पूरे भारत का मान बढ़ाया है, बल्कि 40 देशों के सामने योगासन में भारत का दमखम दिखाया है. दरअसल विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में 40 देश के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे दिलीप ने गोल्ड मेडल जीता है.
दिलीप ने जीता गोल्ड : बिहार के लाल दिलीप कुमार ने प्रथम वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में कमाल कर दिया है. मसौढ़ी निवासी दिलीप ने ‘फॉरवर्ड बेंड’ स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का मान बढ़ाया है. उनके इस प्रदर्शन से एक बार फिर भारत ने योगासन में विश्व गुरु होने का दम दिखाया है. यह प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता 4 से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित ट्रांसस्टेडिया में आयोजित की गई.

वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में जलवा : वर्ल्ड योगासन द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप को योगासन भारत द्वारा संपन्न कराया गया. इसमें 40 से अधिक देशों के एथलीटों ने हिस्सा लिया. वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 के लिए बिहार से पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ था जिसमें सुधांशु शेखर – बैकवर्ड बेंड, दिलीप कुमार – फॉरवर्ड बेंड, सारांश कुमार–रिदमिक पेयर, सोनी कुमारी–लेग बैलेंस, साक्षी कुमारी–बैकवर्ड बेंड में परचम लहराया.
दिलीप की सफलता से देशभर में खुशी : भारतीय राष्ट्रीय योगासन टीम के लिए आधिकारिक चयन परीक्षण 1 और 2 मई, 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र, सोनीपत, हरियाणा में आयोजित किए गए थे. यहां एथलीटों ने पारंपरिक, कलात्मक, लयबद्ध और एथलेटिक योगासन श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा की थी. बहरहाल दिलीप की इस उपलब्धि पर पूरे बिहार में खुशी की लहर है.

दिलीप को मिल रही बधाइयां : शिक्षाविद राहुल चंद्र, रमाकांत रंजन किशोर आचार्य, वार्ड पार्षद उज्जवल कुमार, अश्विनी कुमार, आशीष देव, डॉ. सुधीर कुमार सिंह, डॉ. गौतम गांधी, डॉ. मंगल दीपक शर्मा, शिक्षक पंकज कुमार समेत कई लोगों ने फोन कर दिलीप को बधाई दी है. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से न केवल बिहार का मान बढ़ा है, बल्कि राज्य के अन्य युवाओं को भी योगासन जैसे पारंपरिक खेलों को पेशेवर स्तर पर अपनाने की प्रेरणा मिलेगी. आगामी 8 जून को विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे.
”आप सभी शुभचिंतकों का बहुत-बहुत प्यार और आशीर्वाद, से हम आज विश्व स्तर पर हुए योगासन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता है, इसको लेकर हम अपने माता-पिता, गुरू के साथ-साथ सभी बिहार वासियों के प्रति दिल से आभार, हमारा सपना है कि ग्रामीण स्तर पर योगा स्कूल खुले.”– दिलीप कुमार, वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में गोल्ड विजेता


