Monday, September 14, 2026

विधायक जयराम महतो को अग्रिम जमानत, MP-MLA कोर्ट से मिली राहत.

Share

धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ विवाद से जुड़े मामले में राहत मिली है। धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत ने सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली। मामले में अदालत ने पुलिस की केस डायरी और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुनाया।

इससे पहले हुई सुनवाई में अदालत ने तत्काल गिरफ्तारी से राहत देने के बजाय पुलिस से केस डायरी प्रस्तुत करने को कहा था। इसके बाद पुलिस ने निर्धारित सुनवाई के दौरान केस से संबंधित दस्तावेज अदालत के समक्ष पेश किए। जयराम महतो की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता शाहनवाज ने गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग की, जबकि अपर लोक अभियोजक सतेंद्र नाथ राय ने इसका विरोध किया।

थाना प्रभारी के बयान पर दर्ज हुआ था केस

मामला बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार और विधायक जयराम महतो के बीच हुए विवाद से संबंधित है। थाना प्रभारी के बयान के आधार पर जयराम महतो, सुशील मंडल सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसी प्रकरण में मुखिया के बेटे की शिकायत के आधार पर भी विधायक समेत कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध अलग प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

बातचीत का ऑडियो भी आया था सामने

विवाद के दौरान विधायक और थाना प्रभारी के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो भी चर्चा में रहा। जयराम महतो का कहना था कि थाना प्रभारी के साथ उनकी करीब 11 मिनट तक बातचीत हुई थी, जबकि सार्वजनिक रूप से सामने आया ऑडियो लगभग दो मिनट का था। इसको लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए थे।

पुलिस एसोसिएशन ने किया था आंदोलन का ऐलान

मामले को झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने भी गंभीरता से उठाया था। एसोसिएशन की ओर से 8 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई थी। हालांकि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में जारी शोक की स्थिति को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

अग्रिम जमानत मिलने के बाद इस मामले में विधायक जयराम महतो को तत्काल गिरफ्तारी से राहत मिली है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया संबंधित अदालत में जारी रहेगी।

Read more

Local News