Friday, July 31, 2026

रिनपास के प्रभारी निदेशक को हटाने की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन.

Share

रांची: रिनपास (रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज) के प्रभारी निदेशक को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपते हुए संस्थान से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं सिल्ली विधानसभा प्रभारी मदन कुमार महतो ने किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज, रांची जिला कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहू, जिला कांग्रेस सचिव मिथिलेश तिवारी, पंकज वर्मा, राजेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विभिन्न मामलों की जांच की मांग

ज्ञापन में रिनपास के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों से जुड़े कथित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने संस्थान की खरीद प्रक्रिया, वित्तीय लेन-देन, मरीजों की भर्ती व्यवस्था तथा निजी कंपनियों के प्रचार-प्रसार से संबंधित पहलुओं की भी जांच कराने का आग्रह किया।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि रिनपास राज्य का एक महत्वपूर्ण मानसिक स्वास्थ्य संस्थान है, इसलिए यहां प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। नेताओं ने मांग की कि जांच पूरी होने तक किसी निष्पक्ष और सक्षम अधिकारी को संस्थान का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द आवश्यक निर्णय लेगी।

Read more

Local News