धनबाद: जिले के बलियापुर प्रखंड स्थित नया प्राथमिक विद्यालय, हरिबोल थान (मुकुंदा) में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) तैयार करने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर में आग लगने के बाद तेज लपटें उठने लगीं, जिससे बच्चे घबरा गए और स्कूल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की। वहीं, पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने साहस का परिचय देते हुए डंडे की मदद से जलते सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी, बालू और भीगे बोरे का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को बिना मध्याह्न भोजन कराए ही घर भेज दिया गया।
हीरालाल मोदक ने बताया कि सूचना मिलते ही वे तुरंत विद्यालय पहुंचे और सबसे पहले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। उनके अनुसार, संबंधित गैस सिलेंडर उसी दिन विद्यालय में लाया गया था। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
