रामगढ़, 18 नवंबर 2026। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आम लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में एसपी ने दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों का अनुसंधान 60 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही दो, तीन और पांच वर्षों से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा करने को कहा।
लंबित मामलों और फरार आरोपियों पर विशेष ध्यान
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को लंबित कांडों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। फरार अपराधियों, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखने को कहा गया।
इसके अलावा मोबाइल फोन, चेन और पर्स छिनतई जैसी घटनाओं का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया गया। वारंट, इश्तेहार और कुर्की से संबंधित कार्रवाई में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
डायल 112 पर 9 मिनट में पहुंचना होगा पुलिस को
आम नागरिकों को आपात स्थिति में जल्द सहायता देने के लिए एसपी ने डायल 112 पर मिलने वाली शिकायतों पर नौ मिनट के भीतर रिस्पांस देने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य जरूरत के समय पुलिस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
पांच दिनों में पूरा करें पासपोर्ट सत्यापन
बैठक में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया को भी समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया। एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को पासपोर्ट से जुड़े सत्यापन का काम पांच दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
