रांची: झारखंड की राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है. 01 जून से इसके लिए नामांकन का कार्य शुरू हो जाएगा. लिहाजा, राज्य में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. राज्य की दो सीटों में से एक सीट पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पहले ही जता दी है. इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर सहमति बनाने के लिए आज चार्टड विमान से तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू रांची पहुंचे.
राज्यसभा के लिए एक सीट मांग रही है कांग्रेस
एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य नेताओं द्वारा स्वागत के बाद दोनों नेता सीधे कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के लिए निकल गए. मुख्यमंत्री आवास पर सीएम और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस नेताओं की बैठक होगी. जिसमें औपचारिक रूप से राज्यसभा की दो सीटों में से एक सीट की मांग कांग्रेस की ओर से की जाएगी.
राज्यसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगीः के राजू
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में के. राजू ने कहा कि वह राज्यसभा चुनाव को लेकर आगे की रणनीति बनाने के लिए रांची आए हैं. 81 विधायकों वाली झारखंड विधानसभा में सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों की कुल संख्या 56 (झामुमो-34, कांग्रेस-16, राजद-04, माले-02) है. एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में के. राजू ने कहा कि उन्होंने आलाकमान को बता दिया है कि झारखंड में कांग्रेस का उम्मीदवार लोकल ही होगा.
क्या झामुमो अपने सहयोगी दल कांग्रेस के लिए एक सीट छोड़ेगा? इसको लेकर अभी तक हेमंत सोरेन ने पत्ता नहीं खोला है. यही वजह है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर शुरू हो गया है.


