सरायकेला: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के लिए खिलाड़ियों की नीलामी ने क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. जमशेदपुर के एक होटल में आयोजित ऑक्शन में राज्य के कई चर्चित खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने खुलकर बोली लगाई. नीलामी के शुरुआती दौर में ही गुमला के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे. उन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया.
झारखंड टी20 लीग के पहले खिलाड़ी ऑक्शन में कई चौंकाने वाले नतीजे सामने आए. गुमला के उभरते विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज सबसे महंगे खिलाड़ी बने. उन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये में खरीदा. वहीं भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 6.25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. ऑक्शन का सबसे बड़ा उलटफेर कुमार कुशाग्र का अनसोल्ड रहना रहा. मशहूर ऑक्शनर चारू शर्मा की मौजूदगी में हुई नीलामी में स्थानीय और युवा खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने जमकर दांव लगाया. झारखंड क्रिकेट के लिए यह ऑक्शन ऐतिहासिक माना जा रहा है.
15.25 में बिके रॉबिन मिंज
आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके रॉबिन मिंज का बेस प्राइस 4 लाख रुपए था. लेकिन विभिन्न फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण उनकी कीमत 15 लाख रुपए के पार पहुंच गई. झारखंड क्रिकेट में उभरते सितारे के रूप में पहचान बना चुके रॉबिन पर सबसे बड़ी बोली लगने से उनके प्रशंसकों में भी उत्साह देखा गया. ऑक्शन में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ियों में विराट सिंह रहे, जिन्हें छोटानागपुर रॉयल्स ने 13 लाख रुपए में खरीदा.
इस लीग का मुख्य उद्देश्य झारखंड के सुदूर इलाकों में छिपी युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बड़ा और प्रोफेशनल मंच देना है. हमें पूरा विश्वास है कि यह लीग हमारे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में एक मील का पत्थर साबित होगी:- अजय नाथ सहदेव, जेएससीए अध्यक्ष
वहीं एमडी काउनैन कुरैशी को जमशेदपुर स्टीलर्स ने 12.50 लाख रुपए में अपनी टीम का हिस्सा बनाया. तेज गेंदबाज सुषांत मिश्रा को 11 लाख रुपए और शिखर मोहन को 11 लाख रुपये में खरीदा गया. इसके अलावा पंकज कुमार 10.75 लाख रुपए, राजनदीप सिंह 9 लाख रुपए, साहिल राज 8.75 लाख रुपे, मो नाजिम सिद्दीकी 7.25 लाख रुपए और बाल कृष्णा 7.25 लाख रुपए में संबंधित फ्रेंचाइजियों के साथ जुड़े. ऑक्शन के दौरान इन खिलाड़ियों को लेकर टीमों के बीच काफी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली.
कुमार कुशाग्र 4 लाख में बिके
झारखंड क्रिकेट के चर्चित विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को छोटानागपुर रॉयल्स ने उनके 4 लाख रुपए के बेस प्राइस पर खरीदा. कुमार झारखंड प्रीमियर लीग में कैटेगरी-1 के खिलाड़ी हैं और लंबे समय से राज्य क्रिकेट का अहम हिस्सा रहे हैं. झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की ओर से आयोजित इस लीग में छह फ्रेंचाइजी रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं. प्रत्येक टीम को निर्धारित बजट के भीतर अपना स्क्वॉड तैयार करना है.
खिलाड़ियों की नीलामी पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है. सभी टीमों का संतुलन बेहतरीन है और आने वाले दिनों में फैंस को झारखंड की धरती पर क्रिकेट का सबसे रोमांचक सफर देखने को मिलेगा:- सौरभ तिवारी, जेएससीए सचिव
जेएससीए के संयुक्त सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर शाहबाज नदीम ने कहा कि झारखंड प्रीमियर लीग राज्य के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी. उन्होंने कहा इस लीग के जरिए राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल में खेलने का अवसर मिलेगा. युवा खिलाड़ियों को वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. उन्हें उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और भविष्य में भारतीय क्रिकेट को कई नए सितारे देगी.
10 जून से शुरू होगी मैच
बता दें कि यह झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन 10 जून से जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रांची में शुरू होगा. लीग के पहले संस्करण को लेकर खिलाड़ियों, क्रिकेट प्रेमियों और फ्रेंचाइजियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. ऑक्शन के बाद अब सभी टीमों की नजरें मजबूत संयोजन तैयार कर खिताब जीतने पर टिकी हुई है.


