
पटना: बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाने में एक अजीबो-गरीब चोरी की घटना हुई है. पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में झारखंड नंबर की एक लग्जरी गाड़ी जब्त की थी. सबसे हैरानी की बात यह है कि चोर इस गाड़ी को थाना परिसर से ही चुरा ले गए. अब पुलिस, गाड़ी और चोर की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस को थाने के पूर्व चालक कर्ण कुमार पर शक है.
थाने से शराब जब्त कार चोरी: बताया जाता है कि पटना के कंकड़बाग पुलिस को 2 फरवरी को सूचना मिली कि इंदिरानगर के पास शराब से भरी एक लग्जरी गाड़ी खड़ी है. पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी के मालिक के बारे में पूछताछ की. किसी को भी गाड़ी के मालिक की जानकारी नहीं थी. पुलिस ने गाड़ी का शीशा तोड़ा तो अंदर शराब के कार्टन मिले. पुलिस ने गाड़ी जब्त कर थाना परिसर में रख दिया.
रात में थाने से गाड़ी गायब: बताया जा रहा है कि घटना के दिन ही रात करीब 9 बजे शराब तस्कर अपने दोस्तों के साथ आया और जब्त गाड़ी को थाना परिसर से चुरा ले गया. यह देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए. थाने में हड़कंप मच गया. अब सवाल यह है कि जब थाना में वाहन सुरक्षित नहीं है तो कहां सुरक्षित रहेगा.
“इस मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान भी कर ली गई है. चोर और गाड़ी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.” -नीरज कुमार, थानाध्यक्ष, कंकड़बाग
थाने के पूर्व चालक की मिलीभगत! : पटना का कंकड़बाग थाना परिसर से शराब समेत पकड़ी गई लग्जरी कार की चोरी हो जाने से पटना पुलिस पर फिर से सवालिया निशान खड़ा हो रहा है. कहा तो यह भी जा रहा है कि थाना से निकाले गए पूर्व चालक कर्ण कुमार की मिलीभगत हो सकती है. हालांकि पुलिस इस मामले की पुष्टि नहीं की है. वहीं पुलिस चालक कर्ण कुमार पर शक कर रही है. कर्ण कुमार के खिलाफ पटना के एससी-एसटी थाने में मामला दर्ज है.


