जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित एलआईसी की बिल्डिंग में शनिवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
करीब 2 बजे दिखाई दीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे के बाद बिल्डिंग से आग की लपटें नजर आईं। वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दी। झारखंड अग्निशमन विभाग के पहुंचने के बाद टाटा स्टील के फायर विभाग को भी सूचना दी गई।
करीब चार दमकल वाहनों और अग्निशमन कर्मियों की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए कर्मचारियों को लगभग तीन घंटे तक लगातार प्रयास करना पड़ा।
चौथी मंजिल पर लगी थी आग
अग्निशमन कर्मियों की कोशिशों के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया। इसके बाद भी पूरी तरह स्थिति सामान्य करने के लिए फायर टीम मौके पर काम करती रही।
घटना की जानकारी मिलने पर एलआईसी के वरीय अधिकारी भी वहां पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, आग चौथी मंजिल पर लगी थी, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल स्थित है। इस वजह से शुरुआती तौर पर बड़े नुकसान की आशंका कम बताई गई है।
नुकसान का आकलन जांच के बाद
एलआईसी की टीम बिल्डिंग का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का आकलन करेगी। फिलहाल बिल्डिंग और वहां रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान की पूरी स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
