Saturday, April 18, 2026

रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नार्कोस में आरपीएफ को सफलता, 45 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

रांचीः हटिया रेलवे स्टेशन और रांची रेलवे स्टेशन से लगातार नशे की खेप पकड़ी जा रही है. इस बार आरपीएफ की टीम ने रांची रेलवे स्टेशन से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्करों के पास से 45 किलो मारिजुआना (गांजा) बरामद किया गया है.

ऑपरेशन नार्कोस के तहत कार्रवाई

नशे के तस्कर मादक पदार्थों के तस्करी के लिए लगातार रेलवे रूट का प्रयोग कर रहे हैं. यही वजह है कि नशे के तस्करों को लेकर रांची रेल मंडल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. रांची रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार द्वारा निर्देशित गांजे को पकड़ने का लगातार अभियान ऑपरेशन नार्कोस के तहत कारगर भी सिद्ध हो रहा.

इसी क्रम में रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची और सीआईबी रांची की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ की और से दी गई जानकारी के अनुसार रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ओवरब्रिज के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को बैठे देखा गया. तीनों के पास बड़े-बड़े बैग थे. संदेह होने पर इन तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया. तलाशी के दौरान तीनों के पास से बैग में रखे 45 किलो गांजा बरामद किया गया.

सभी तस्कर बिहार के रहने वाले हैं

गिरफ्तार तीनों तस्कर बिहार के रहने वाले हैं और ओडिशा से गांजा लाकर बिहार ले जा रहे थे. गिरफ्तार तस्करों में बिहार के बक्सर जिला निवासी चंदा कुमार चौधरी, बिहार के बक्सर निवासी अभिषेक प्रधान, और बक्सर निवासी उपेंद्र चौधरी शामिल है.

जांच के क्रम में 45 किलो गांजा बरामद

आरपीएफ ने जांच के क्रम में तस्करों के पास से 45 किलोग्राम गांजा बरामद किया. जिसके बाद सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में सभी पैकेटों की डीडी किट से जांच की गई, जो पॉजिटिव पाई गई. जब्त गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार आंकी गई है.

सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, गांजा और संदिग्धों के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है. मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.

Read more

Local News