रांची: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रांची नगर निगम में शनिवार को स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना के लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण (BLC) घटक के अंतर्गत 34 चयनित लाभुकों को सांकेतिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम नगर निगम कार्यालय के आठवें तल्ले पर हुआ। इस दौरान मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र शहरी परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित घर बनाने में सहायता उपलब्ध कराना है। नगर निगम के अनुसार, योजना से जरूरतमंद परिवारों को आवास की सुविधा मिल सकेगी।
अब तक 2,896 लाभुक चयनित
नगर निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत अब तक कुल 2,896 लाभुकों का चयन किया गया है। शनिवार को इनमें से 34 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया।
बाकी चयनित लाभुकों को उनके संबंधित वार्ड पार्षदों के माध्यम से स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के BLC घटक के तहत पात्र परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने के लिए स्वीकृति दी जा रही है।
