गिरिडीह: छात्रों से जुड़े मुद्दों और सरकारी नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने शनिवार को गिरिडीह में प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।
भाजपा ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने, नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज कथित मुकदमों को वापस लेने की मांग उठाई।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने रिश्वत देकर नौकरी हासिल की है।
उन्होंने दोनों मामलों की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच होने पर कथित तौर पर रिश्वत के जरिए नौकरी पाने वालों और नौकरी में गड़बड़ी करने वालों की भूमिका सामने आ सकेगी। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की भी मांग की।
स्टेडियम से निकला पैदल मार्च
प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ता गिरिडीह स्टेडियम में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष रंजीत राय और महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वहां से पैदल मार्च शुरू किया। नारेबाजी करते हुए सभी समाहरणालय पहुंचे, जहां विरोध-प्रदर्शन किया गया।
कई विधायक और नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक मंजू कुमारी और विधायक नागेंद्र महतो के अलावा भाजपा नेता लक्ष्मण स्वर्णकार, डॉ. रविंद्र राय, लक्ष्मण सिंह, दिनेश यादव, चुन्नूकांत, मुनिया देवी, विनय सिंह, संजीव, संदीप डंगाइच, नवीन सिन्हा और सुरेश मंडल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
