रांची, 30 सितंबर 2026: राजधानी रांची की नदियों, तालाबों और जलाशयों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) तैयार किया जा रहा है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में URMP के लिए गठित मल्टी-स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप की दूसरी बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जल निकायों की मौजूदा स्थिति और उनके संरक्षण को लेकर सुझाव दिए।
हरमू और स्वर्णरेखा नदी पर रहेगा फोकस
प्रस्तावित योजना में हरमू नदी, स्वर्णरेखा नदी के शहरी हिस्से के साथ-साथ रांची के प्रमुख तालाबों और झीलों को शामिल किया जाएगा। इन जल निकायों के संरक्षण, पुनर्जीवन और लंबे समय तक बेहतर प्रबंधन की दिशा में काम करने की योजना है।
URMP का उद्देश्य जल निकायों के प्रबंधन को शहरी नियोजन से जोड़ना और शहर में ग्रीन एवं ब्लू इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना है।
NIUA ने प्रस्तुत की अध्ययन रिपोर्ट
बैठक में राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) की टीम ने प्रस्तुतीकरण के जरिए रांची की नदियों और जलाशयों से संबंधित अध्ययन तथा उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी साझा की।
जल निकायों को पुनर्जीवित करने के लिए नेचर बेस्ड सॉल्यूशन, सीवेज प्रबंधन और संरक्षण संबंधी उपायों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जल संरक्षण में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया।
विश्व बैंक के सहयोग से तैयार हो रही योजना
रांची का URMP NIUA और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) की पहल के तहत विश्व बैंक के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा बेसिन के 60 शहरों के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें रांची भी शामिल है।
नागरिकों की भागीदारी को बताया जरूरी
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि शहर के पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता का संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों, संस्थाओं और आम नागरिकों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने जल निकायों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ लोगों की सक्रिय भागीदारी और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव को भी महत्वपूर्ण बताया।
कई विभागों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, NMCG के प्रोजेक्ट लीड राहुल सचदेवा, Alluvium Group के टीम लीड मनु भटनागर, जैव विविधता विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त IFS डॉ. गीता राम साहिब, सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव समेत JUIDCO, कृषि निदेशालय, रांची विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
