रांची। अशोकनगर स्थित सर्विसेज हाउसिंग को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईपीएस अधिकारी आलोक प्रियदर्शी ने सोसाइटी प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने अध्यक्ष और सचिव को पत्र लिखकर मकान नंबर 44/C और 34/C के बीच चहारदीवारी निर्माण कराने का आग्रह किया है।
बाहरी लोगों की आवाजाही को लेकर चिंता
आलोक प्रियदर्शी के अनुसार दोनों मकानों के बीच फिलहाल चहारदीवारी नहीं है और वहां एक गेट के साथ रास्ता बना हुआ है। उनका कहना है कि यह गेट सोसाइटी प्रबंधन की ओर से निर्मित नहीं कराया गया है और इसके जरिए बाहरी लोगों का आवागमन होता रहता है।
उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से इस रास्ते को लेकर चिंता जताते हुए सोसाइटी प्रबंधन से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।
पहले चोरी की घटनाओं का भी किया उल्लेख
पत्र में सोसाइटी के कुछ मकानों में पूर्व में चोरी की घटनाएं होने का भी उल्लेख किया गया है। आईपीएस अधिकारी ने आशंका जतायी कि खुले रास्ते का इस्तेमाल किसी असामाजिक तत्व द्वारा किया जा सकता है, जिससे सुरक्षा संबंधी परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
आवास पर तैनात रहते हैं सुरक्षाकर्मी
आलोक प्रियदर्शी ने पत्र में बताया कि वह मकान नंबर 44/C में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके आवासीय परिसर में प्रतिनियुक्त अंगरक्षक और पुलिसकर्मी भी रहते हैं। उनके अनुसार बाहरी लोगों की आवाजाही के कारण सुरक्षा में तैनात कर्मियों को भी असहजता महसूस होती है।
प्राथमिकता के आधार पर निर्माण का अनुरोध
आईपीएस अधिकारी ने सोसाइटी के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दोनों मकानों के बीच चहारदीवारी का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इससे संबंधित परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
BHARATSUPRFAST
