Monday, June 15, 2026

रांची में डीसी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.

Share

रांचीः उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिसमें जनगणना कार्य, मतदाता मैपिंग, शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत नामांकन, राजस्व शिकायतों तथा आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों समेत विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई.

इस बैठक में उपायुक्त ने जिला में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान जिन घरों में लोग अनुपस्थित या घर बंद मिले हैं, वहां पुनः संपर्क स्थापित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जाए.

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत 13 और 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले मतदाता मैपिंग विशेष शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि सभी पात्र मतदाता इसका लाभ उठा सकें. उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) को प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्धारित समय पर कार्य शुरू कराने तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

Review meeting chaired by DC in Ranchi

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता मैपिंग कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए. जहां सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के पद रिक्त हैं, वहां जल्द नियुक्ति सुनिश्चित करने और सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 की स्थिति की भी समीक्षा की गई.

शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि प्रथम चरण की लॉटरी में चयनित सभी विद्यार्थियों का नामांकन संबंधित स्कूलों में हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए.

आगामी मोहर्रम समेत अन्य पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने समय पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने विधि-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा.

Review meeting chaired by DC in Ranchi

बैठक में राजस्व संबंधी शिकायतों पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने बताया कि अगले सप्ताह इस विषय पर विशेष समीक्षा बैठक होगी. इसके अलावा नए पदस्थापित अधिकारियों और कर्मियों के पहचान पत्र, कोषागार से जुड़े अनुपालन कार्य, समाहरणालय परिसर में जलजमाव और जल निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Read more

Local News