रांचीः झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 के लीग चरण का समापन छोटानागपुर रॉयल्स और संथाल स्ट्राइकर्स की शानदार जीत के साथ हुआ. छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को 85 रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. जबकि संथाल स्ट्राइकर्स ने धनबाद डायमंड्स को 9 विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का विजयी अंत किया.
जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से विराट सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए. उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे.

मोहम्मद नाजिम सिद्दीकी ने 32 गेंदों पर 54 रन की तेजतर्रार पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 88 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. इसके अलावा श्रेष्ठ सागर ने 20 गेंदों पर 25 रन का योगदान दिया. जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से हर्ष राणा, अमन कुमार सिंह, प्रांजल कुमार और प्रतीक रंजन ने एक-एक विकेट हासिल किया.
212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने महज 38 रन के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिए और मुकाबले से लगभग बाहर हो गई. हर्ष राणा ने 35 गेंदों पर 46 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि शक्ति सिंह ने 34 गेंदों पर 22 रन बनाए. पूरी टीम 19.1 ओवर में 126 रन पर सिमट गई.

छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से राहुल रजक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट झटके. दीपांशु रावत ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. विराट सिंह को उनके शतक के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

दिन के दूसरे मुकाबले में धनबाद डायमंड्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई. राम रौशन ने 20 गेंदों पर 32 रन और विकास कुमार विशाल ने 17 गेंदों पर 26 रन बनाए. संथाल स्ट्राइकर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. संजीत शर्मा ने 10 रन देकर 4 विकेट और अनमोल राज ने 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स ने 11.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 107 रन बना लिए. कुमार सूरज ने 34 गेंदों पर नाबाद 53 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि विभोर पांडे ने 27 गेंदों पर 32 रन बनाए. धनबाद डायमंड्स की ओर से एकमात्र विकेट विवेकानंद तिवारी ने लिया. शानदार गेंदबाजी के लिए संजीत शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया.
लीग चरण समाप्त होने के बाद अब टूर्नामेंट का रोमांच नॉकआउट दौर में पहुंच गया है. 22 जून को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में पहला सेमीफाइनल दोपहर 1 बजे जमशेदपुर स्टीलर्स और तालिका में शीर्ष पर रही कोयलांचल सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा. वहीं दूसरा सेमीफाइनल शाम 6:30 बजे छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटन्स के बीच होगा. दोनों मुकाबलों के विजेता फाइनल में प्रवेश करेंगे.


