रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को रांची के कांके विधानसभा क्षेत्र स्थित सुकुरहुटू गांव में ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां एपिसोड सुना। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम का आयोजन सुकुरहुटू स्थित आदिवासी अखाड़ा परिसर में बूथ संख्या 249 पर किया गया। नितिन नबीन ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के लोगों से संवाद करते हैं और समाज में हो रहे सकारात्मक कार्यों को सामने लाते हैं।
अखाड़ा परिसर में लगाया रुद्राक्ष का पौधा
कार्यक्रम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आदिवासी अखाड़ा परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद संजय सेठ भी मौजूद रहे। नेताओं ने पौधे में मिट्टी डालकर और पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान उपस्थित नेताओं ने पौधों की देखभाल और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। कार्यक्रम में पर्यावरण से जुड़े अभियानों और समाज की भागीदारी पर जोर दिया गया।
बूथ अध्यक्ष को बताया पार्टी की असली ताकत
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान नितिन नबीन ने बूथ संख्या 249 के अध्यक्ष आकाश और कांके मंडल अध्यक्ष प्रभात को मंच पर अपने पास बुलाया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में बूथ अध्यक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और वही संगठन की जमीनी ताकत है।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की। उनके अनुसार, बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य
ग्रामीण महिलाओं से बातचीत करते हुए नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री के ‘लखपति दीदी’ मिशन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए माताओं से अपनी बेटियों को पढ़ाने तथा उन्हें स्वावलंबी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला सशक्त होती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव मायके और ससुराल, दोनों परिवारों पर पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान एक युवती ने बताया कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियर है। उसकी उपलब्धि पर नितिन नबीन ने तालियां बजवाकर उसका उत्साह बढ़ाया।
पर्यावरण संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
नितिन नबीन ने ‘एक पेड़ मां के नाम’, नदी संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के लोग इन पहलों से जुड़कर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने छोटे शहरों और जिलों में बिना किसी प्रचार की अपेक्षा के समाज सेवा करने वाले लोगों के प्रयासों की भी सराहना की।
वहीं, झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज को जागरूक करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आम परिवारों से आने वाले युवाओं के नवाचार और उपलब्धियों को स्थान मिलने से दूसरे युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। महिलाओं के साथ संवाद, पौधारोपण और संगठनात्मक चर्चा इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।
BHARAT SUPERFAST NEWS
