आंतरिक राजस्व बढ़ाने के लिए निगम परिषद की आपात बैठक, होल्डिंग टैक्स से लेकर पार्किंग शुल्क तक की हुई समीक्षा।
रांची: नगर निगम के राजस्व संग्रह में तेजी लाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से निगम परिषद ने आपात बैठक की। बैठक में मेयर रमा खलखो ने विभिन्न स्रोतों से होने वाली आय और बकाया राशि की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व के सभी स्रोतों की हुई समीक्षा
बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार और दुकानों का किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क तथा यूजर चार्ज सहित निगम की आय से जुड़े विभिन्न मदों पर चर्चा की गई।
पिछले वित्तीय वर्षों के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष में हुए राजस्व संग्रह का भी आकलन किया गया। निर्धारित लक्ष्य और अब तक हुई वसूली के बीच के अंतर पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही राजस्व संग्रह की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहने के कारणों की भी पड़ताल की गई।
आत्मनिर्भर बनाने के लिए तैयार होगी कार्ययोजना
मेयर रमा खलखो ने कहा कि नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आंतरिक राजस्व में बढ़ोतरी जरूरी है। निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के सभी उपलब्ध स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व वसूली की व्यवस्था अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। साथ ही तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
मेयर ने दोहराया कि निगम की बार-बार चेतावनी के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
बैठक में अधिकारी और पार्षद रहे मौजूद
आपात बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। बैठक में राजस्व संग्रह बढ़ाने और बकाया वसूली की प्रक्रिया को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
