Thursday, May 21, 2026

रांची के लोकभवन के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.

Share

रांची: केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में आज बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रोफेशनल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची के लोकभवन(पूर्व में राजभवन) के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, प्रोफेशनल कांग्रेस के चेयरमैन आदित्य बिक्रम जायसवाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल हुए.

केंद्र सरकार अपना दायित्व निभाने में विफलः केशव महतो कमलेश

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्रा नहीं करने और पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की थी. झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार अपने दायित्व को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. यही वजह है कि हर तरफ त्राहिमाम की स्थिति है. बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है, मूलभूत जरूरतों को मध्यम वर्ग पूरा नहीं कर पा रहा है.

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार जनता से बचत की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार के मंत्री खुद संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में भी नाकाम रही है. जिससे आम जनता को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानी हो रही है. केशव महतो कमलेशने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी.

“राहुल गांधी लगातार सचेत करते रहे, पर केंद्र सरकार नहीं सुनी”

वहीं झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस के चेयरमैन आदित्य बिक्रम जायसवाल ने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी पहले से ही यह कहते रहे हैं और सरकार को सावधान करते रहे कि आर्थिक स्थिति डांवाडोल होने वाली है, लेकिन केंद्र की सरकार चुनावी लाभ के लिए चुप्पी साधे रही. उन्होंने कहा कि हर चीज पर पाबंदी लगाना केंद्र की सरकार की फितरत बन चुकी है.

गृहणियों को घर चलाने में हो रही मुश्किलः रमा खोलखो

वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि केंद्र की सरकार ने देश की संपत्तियों को पूंजीपतियों के हाथों में सौंप दी है और एपेस्टिन जैसा मुद्दा सामने आ रहा है. रमा खलखो ने कहा कि आज गृहणियों को घर चलाना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में भी कांग्रेस और खासकर महिला कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर आंदोलन तेज करेगी.

Read more

Local News