Ranchi Hockey Players: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार एशिया कप पर कब्जा जमाया और जूनियर विश्व कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।
भारत की इस शानदार उपलब्धि में रांची की तीन युवा खिलाड़ियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बरियातू स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स की रौशनी आईंद, विनिमा धान और पार्वती टोपनो भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
रौशनी ने क्वार्टर फाइनल में किया शानदार प्रदर्शन
टीम की मिडफील्डर रौशनी आईंद ने पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेहतरीन खेल दिखाया। भारत ने इस मैच को 19-0 के बड़े अंतर से जीता था और रौशनी ने अकेले दो गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूती दी और मुकाबले में टीम की बढ़त बनाने में मदद की।
विनिमा ने भी गोल कर छोड़ी छाप
मिडफील्डर विनिमा धान ने भी टूर्नामेंट के दौरान अपनी उपयोगिता साबित की। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में उन्होंने एक गोल किया। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी विनिमा ने गोल दागकर टीम की सफलता में योगदान दिया।
वहीं डिफेंडर पार्वती टोपनो ने पूरे टूर्नामेंट में भारतीय रक्षा पंक्ति को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विपक्षी टीम के कई हमलों को रोकने में योगदान दिया।
बरियातू के एस्ट्रोटर्फ मैदान से एशिया कप तक का सफर
रौशनी, विनिमा और पार्वती तीनों खिलाड़ी रांची के बरियातू स्थित विद्यालय के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर नियमित रूप से अभ्यास करती रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की हॉकी कोच करुणा पूर्ति ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि का श्रेय प्रतिभा, अनुशासन, लगातार अभ्यास और मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय मैदान पर अभ्यास करने वाली इन खिलाड़ियों का एशिया चैंपियन टीम का हिस्सा बनना स्कूल की दूसरी छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का विषय है।
लगातार तीसरी बार भारत बना एशिया चैंपियन
चीन के मोकी में खेले गए फाइनल में भारत ने मेजबान टीम को 1-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने लगातार तीसरी बार एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
एशिया कप जीतने के साथ भारतीय टीम ने आगामी जूनियर विश्व कप में भी प्रवेश हासिल कर लिया है। रांची की तीन खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस ऐतिहासिक सफलता को झारखंड के लिए भी खास बना दिया है।
विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि रौशनी आईंद, विनिमा धान और पार्वती टोपनो आगे भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय हॉकी का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नाम रोशन करेंगी।
