Friday, September 25, 2026

रांची एयरपोर्ट पर मौसम की मार, इंडिगो की 12 उड़ानें रद्द; 24 विमान संचालन प्रभावित.

Share

रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब मौसम की वजह से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से इंडिगो की 12 निर्धारित फ्लाइट रोटेशन रद्द करनी पड़ीं। इनमें 12 आगमन और 12 प्रस्थान शामिल रहे, जिससे कुल 24 विमान मूवमेंट प्रभावित हुए।

सुबह मौसम खराब होने के कारण रांची पहुंचने वाली कई उड़ानों को लैंडिंग में दिक्कत हुई। कुछ विमान निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पर नहीं उतर सके, जबकि कई उड़ानों के संचालन में बदलाव करना पड़ा। इससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इन रूटों की उड़ानें हुईं रद्द

इंडिगो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मौसम को देखते हुए कोलकाता-रांची-कोलकाता की 6E 7561/7562, पुणे-रांची-बेंगलुरु की 6E 6484/6799 और हैदराबाद-रांची-हैदराबाद की 6E 421/398 उड़ानों का संचालन रद्द किया गया।

इसके अलावा मुंबई-रांची-मुंबई की 6E 6087/6088 और अहमदाबाद-रांची-पटना की 6E 6493/925 उड़ानें भी प्रभावित रहीं। दिल्ली-रांची-दिल्ली रूट की 6E 2259/5207 और 6E 2614/2286 तथा कोलकाता-रांची-कोलकाता की 6E 7325/7326 उड़ान भी रद्द की गई।

पटना-रांची-अहमदाबाद की 6E 6902/6654, दिल्ली-रांची-दिल्ली की 6E 5023/6274, बेंगलुरु-रांची-पुणे की 6E 221/6272 और कोलकाता-रांची-कोलकाता की 6E 7674/7235 उड़ानें भी मौसम की वजह से संचालन से बाहर रहीं।

सुबह कई विमानों को लैंडिंग में हुई परेशानी

तेज हवा और बारिश का असर शुक्रवार सुबह सबसे ज्यादा देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे तक रांची एयरपोर्ट के आसपास कई विमान लैंडिंग के लिए चक्कर लगाते रहे। मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण विमानों की लैंडिंग में देरी हुई।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खराब मौसम के दौरान उड़ानों के संचालन से जुड़े फैसले लिए गए। एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें।

यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह

इंडिगो ने भी यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी उड़ान की जानकारी लगातार चेक करने की सलाह दी है। एयरलाइन के मुताबिक, फ्लाइट में बदलाव या उसके रद्द होने की स्थिति में यात्रियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर सूचना भेजी जाती है।

यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि कर लें। मौसम में अचानक बदलाव के कारण उड़ान के समय में परिवर्तन या संचालन रद्द होने की स्थिति बन सकती है।

Read more

Local News