Friday, April 24, 2026

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान पटना सहित राज्य का मौसम दिन-रात गर्म और शुष्क बना रहेगा।

Share

पटना समेत बिहार में अगले दो दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम रहेगा, जहां अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।

पटना। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान पटना सहित राज्य का मौसम दिन-रात गर्म और शुष्क बना रहेगा।

अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि के आसार है। 52 किमी प्रतिघंटा हवा की रफ्तार राजधानी में दर्ज की गई। वहीं, मोतिहारी के पूर्वी चंपारण, बक्सर एवं शेखपुरा में उष्ण लहर लू की स्थिति बनी रही।

गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री वृद्धि के साथ 41.3 डिग्री सेल्सियस एवं 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।

गुरुवार को पटना सहित अरवल, कटिहार, राजगीर, सिवान के जीरादेई में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। जबकि, अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई।

गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के भागलपुर, गयाजी, अररिया, औरंगाबाद समेत अन्य भागों में अधिकतम तापमान सुबह नौ बजे तक 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं दो घंटे बाद 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास एवं दोपहर दो बजे 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।

वहीं, शाम छह बजे पटना सहित प्रमुख शहरों का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। राज्य का मौसम शुष्क और गर्म होने के साथ समय के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सूर्य की तपिश बढ़ने ओर आर्द्रता में कमी आने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है।

सुबह में ताजगी देने वाली ठंडी हवा का प्रभाव कम होने और पछुआ का प्रभाव अधिक होने से ऐसी स्थिति बनी रही। वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होती है तो तापमान सामान्य के आसपास बना रहता है।

पटना सहित सात शहरों के डेहरी, कैमूर, गयाजी, शेखपुरा, सिवान के जीरादेई, एवं छपरा में 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर अधिकतम तापमान रहने के कारण गर्म दिन की स्थिति बनी रही है।

कैमूर का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री, शेखपुरा का 41.6, सिवान के जीरादेई का 40.9 एवं छपरा का 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज

25 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है। 23 अप्रैल को पश्विमी हिमालय क्षेत्रों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करने के आसार है। इसके कारण 25-26 अप्रैल को उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।

Read more

Local News