मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, उत्तर पश्चिम बिहार से उत्तरी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल तक हवा के दबाव से राज्य में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा। हवा की गति 40-45 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है।
पटना। उत्तर पश्चिम बिहार से लेकर उत्तरी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल से होते हुए हवा का दबाव बना हुआ है। इसके कारण राज्य का मौसम शुष्क होने के साथ गर्म बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार कुछ स्थानों पर हवा की गति 40-45 किमी प्रतिघंटा बने रहने की संभावना है। तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन के आसार नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल की रात पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में पश्चिम विक्षोभ को प्रभावित करने के आसार है। इसके कारण उत्तरी भागों के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।
बुधवार को पटना सहित आसपास का मौसम गर्म व शुष्क बना रहा। राजगीर एवं अरवल जिले में 33 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई।
राजधानी का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस एवं 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। राज्य के अधिकतर भागों के तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 38.9 | 22.8 |
| गयाजी | 40.7 | 21.8 |
| भागलपुर | 35.3 | 22.4 |
| मुजफ्फरपुर | 33.8 | 23.3 |


