रामगढ़: मुर्रामकला ट्रेंचिंग ग्राउंड में ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक और व्यवस्थित प्रबंधन के लिए प्रस्तावित Solid Waste Management (SWM) Processing Plant के निर्माण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्लांट के लिए चिन्हित क्षेत्र को Legacy Waste से खाली कराने का काम फिलहाल जारी है।
सोमवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने मुर्रामकला ट्रेंचिंग ग्राउंड का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर Legacy Waste की शिफ्टिंग और निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया।
तीन दिनों में शुरू हो प्रारंभिक निर्माण कार्य
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने Legacy Waste हटाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि SWM प्लांट के लिए निर्धारित क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खाली कराया जाए। साथ ही अगले तीन दिनों के भीतर Boundary Wall समेत अन्य प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी नहीं करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि SWM Processing Plant के लिए निर्धारित क्षेत्र का Demarcation स्पष्ट रूप से कर स्थल पर चिन्हित किया जाए।
ड्रोन से होगी पूरे क्षेत्र की वीडियोग्राफी
छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड की Drone Videography कराई जाएगी। इससे पूरे क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि Fresh Waste और Legacy Waste की शिफ्टिंग को व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से संचालित किया जाएगा।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में मिलेगी मदद
प्रशासन के अनुसार, मुर्रामकला ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित SWM Processing Plant के शुरू होने से रामगढ़ नगर परिषद और कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र के ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं प्रबंधन को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। प्लांट के निर्माण से पहले निर्धारित स्थल को Legacy Waste से मुक्त कराने और बुनियादी निर्माण कार्य शुरू करने पर फिलहाल विशेष जोर दिया जा रहा है।
