चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मधुसूदन पब्लिक स्कूल में शनिवार को छात्र नेतृत्व परिषद (स्टूडेंट लीडरशिप काउंसिल) के अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन एवं निदेशक बी.के. हिंदवार ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए बी.के. हिंदवार ने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करना ही एक सच्चे नेतृत्व की पहचान है।
इस अवसर पर विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए छात्र परिषद के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। आदित्य प्रकाश को स्कूल हेड बॉय, मान्या को हेड गर्ल, आयुष कुमार को वाइस हेड बॉय तथा दर्शना कुमारी को वाइस हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय के चारों हाउस—अल्फा, ब्रेवो, चेतक और डेल्टा—के लिए भी कैप्टन और वाइस कैप्टन नियुक्त किए गए। हाउस कैप्टन के रूप में ओम कृष्ण, अलिशा सिंह कुंटिया, नवीन कुमार महतो, देवाश्री महतो, राहुल सोय, नेहा महतो, प्रिंस राज और स्नेहा महतो का चयन हुआ। वहीं मनोज महतो, उम्मे कुलसुम, तुषार महतो, रिधिराज हिंदवार, पीयूष महतो, आकांक्षा मिश्रा, राजेश बानरा और सुहानी महतो को वाइस कैप्टन बनाया गया।
इसके अलावा रोशन देवगम को स्पोर्ट्स कैप्टन, संजीव महतो को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, अंशिका गोप को कल्चरल कैप्टन तथा मून मिश्रा को कल्चरल वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि बी.के. हिंदवार ने सभी नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य के. नागराजू, उप-प्राचार्या आरती कोड़वार, परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार चक्रवर्ती और सीसीए संयोजक के.एल. नारायण ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें जिम्मेदारी, अनुशासन और आदर्श नेतृत्व के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में सभी छात्र पदाधिकारियों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


