बिहार में आज, 14 नवंबर को विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने वाला है. वोटों की गिनती जारी है. इसके बीच, कई सेलेब्स ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के लिए खुलकर अपना समर्थन व्यक्त किया है. इस लिस्ट में टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ फेम एक्ट्रेस रूपाली गांगुली ने भाजपा-एनडीए गठबंधन के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है. वहीं, भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाली गायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर से फिलहाल आगे चल रही हैं. बढ़त बनाने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए किसी सपने जैसा है.
बिहार चुनाव रिजल्ट की गिनती के बीच रूपाली गांगुली ने भी भाजपा-एनडीए गठबंधन के लिए अपना स्पष्ट समर्थन देते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया है. बिहार की महिलाओं के लिए बोलते हुए, रूपाली ने प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की ‘अंतहीन प्रगति’ की कामना की है.
रूपाली गांगुली
रूपाली ने अपने एक्स हैंडल पोस्ट में लिखा है, ‘बिहार के लिए यह कितना धमाकेदार पल है. भाजपा-एनडीए की जीत मोदी जी के विजन और नीतीश जी की स्थिरता में लोगों के विश्वास को दर्शाती है. और बिहार की महिलाओं को मेरा सलाम. आपकी आवाज, ताकत और आत्मविश्वास ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई. बिहार के लिए आने वाले सालों में अनंत प्रगति, गौरव और सौभाग्य की कामना करती हूं. भारत माता की जय.’
मैथिली ठाकुर
अलीनगर से आगे चल रही भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर कहती हैं, ‘यह एक सपने जैसा है. सपने जैसा है. लेकिन मैंने जो एक महीने से कैंपियन के दौरान, महसूस किया है कि लोगों की बहुत ज्यादा उम्मीदें, आशाएं मुझसे जोड़ी हुई हैं, तो मैं पूरी मजबूती से अपने सभी कर्तव्य निभाने के लिए तैयार हूं.’
अपनी जीत पर मैथिली कहती हैं, सबसे पहली चीज हमारे क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए पार्टी को जो मैनिफेस्टो है, उसे लेकर हम सभी तक पहुंचाएंगे. मेरा यह काम होगा कि हर एक घर तक सरकार की बात पहुंचे ताकि उन्हें (जनता) पता चलिए कि उनके लिए हमारी पार्टी क्या-क्या कर रही है. तो उसे सुचारु रूप से काम कराना मेरा कर्तव्य होगा.’ मैथिली ने अपने पर्सनल मैनिफेस्टो के बारे में भी जिक्र किया.
मैथिली ने आगे कहा कि अगर वह जीतती हैं, तो अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना बेस्ट देंगी. गायिका ने यह भी कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक रियाज नहीं छोड़ेंगी और एक राजनेता के रूप में वह लोगों का बेटी की तरह ख्याल रखेंगी.
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा 90 सीटों पर बढ़त के साथ आगे चल रही है. जनता दल (यूनाइटेड) पार्टी 82 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर है. इसके बाद राजद 27 सीटों के साथ दूसरे और रामविलास की लोजपा 21 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर है.


