Sunday, June 28, 2026

झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो रहा है, अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

Share

झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो रहा है, अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक वज्रपात, गर्जन और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रांची। झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। रांची मौसम केंद्र ने शनिवार को जारी पूर्वानुमान में बताया है कि राज्य में अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आगामी पांच दिनों तक वज्रपात, गर्जन और तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश और बादल छाए रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

29 जून से बारिश पकड़ेगी रफ्तार

Jharkhand Weather Forecast के मुताबिक 28 जून से 3 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 29 जून से पूरे राज्य में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।

वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

मौसम केंद्र ने 28 जून से 3 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

30 जून को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो और धनबाद जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 1 जुलाई को देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़ और धनबाद जिलों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और आम लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा वज्रपात के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Read more

Local News