बोकारो, 5 नवंबर 2026। झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित कथारा कोलियरी में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कथारा ओपी क्षेत्र के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में कोयले का ढेर अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए। हादसे में तीन महिलाओं की मौत की सूचना है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीसीएल अस्पताल में कराया गया।
सुबह करीब 4:45 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे की है। स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट किया हुआ कोयला जमा था। स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए वहां से कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का ढेर धंस गया और सात लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां तीन महिलाओं की मौत की सूचना मिली।
दो मृत महिलाओं की हुई पहचान
मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है। तीसरी महिला का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया गया है कि तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।
पुलिस और सीसीएल प्रबंधन कर रहे जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस तथा सीसीएल प्रबंधन भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं।
बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जाएगी। घायलों की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
BHARATSUPERFASTNEWS
