पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने यूनाइटेड किंगडम (UK) की नागरिकता हासिल कर ली है. इसकी पुष्टि उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट करके की, जिसमें उनकी नागरिकता की स्थिति में आए बदलाव का जिक्र है. आमिर को यूके की नागरिकता उनकी पत्नी नरगिस खान के जरिए मिली, क्योंकि वो यूके की नागरिक हैं.
IPL में खेलने के लिया खुला दरवाजा?
मोहम्मद आमिर यूके की नागरिकता हासिल करने के बाद अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने के योग्य हो गए हैं और वो अब IPL सहित दूनिया की दूसरी लीगों में एक ‘ब्रिटिश विदेशी खिलाड़ी’ के तौर पर रजिस्टर करा सकते हैं. बाएं हाथ का ये तेज गेंदबाज 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं.
क्या पाकिस्तानी IPL में खेल सकते हैं?
2008 में IPL के पहले सीजन में कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में भाग लिया था. लेकिन मुंबई आतंकी हमलों के बाद से ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर रोक लगा दी गई. उसके बाद से किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है. हालांकि नागरिकता बदलने के बाद पाकिस्तान के एक पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद को इस बैन के बावजूद IPL में खेलने का मौका मिला. क्योंकि उन्होंने यूके की नागरिकता लेने के बाद टूर्नामेंट में खेलने के लिए ‘इंग्लिश खिलाड़ी’ के तौर पर रजिस्टर किया गया था. इसके बाद महमूद ने 2012 और 2013 में पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया, और 2015 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेले .

विराट के फैन हैं आमिर
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बहुत बड़े फैन भी है. वो कई बार सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर कोहली की खुलकर तारीफ भी की है. वो कोहली को इस दौर का सबसे महान क्रिकेटर भी मानते हैं. इसके अलावा आमिर विराट कोहली को अपने देश के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम से भी ऊपर रैंक करते हैं. ये दोस्ती और प्यार एकतरफा नहीं है, बल्कि विराट कोहली भी आमिर को दूनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक मानते हैं. उनके बीच दोस्ती भी है, एक टूर्नामेंट के दौरान कोहली ने आमिर को अपना बैट भी गिफ्ट किया था.


