Monday, May 4, 2026

बिहार सरकार सीतामढ़ी को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने जा रही है, 700 एकड़ में ‘सीतापुरम’ नामक एक नया शहर बसाया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी।

Share

बिहार सरकार सीतामढ़ी को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने जा रही है। 700 एकड़ में ‘सीतापुरम’ नामक एक नया शहर बसाया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी। पुनौरा धाम में माता जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जिले का आर्थिक विकास होगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है

सीतामढ़ी। बिहार में शहरीकरण को नयी सरकार अब गति देने जा रही है। पटना के साथ-साथ बिहार के सभी प्रमंडलीय मुख्यालय में शहरीकरण की रफ्तार को तेज होगी। नगर, विकास एवं आवास विभाग द्वारा 11 प्रमुख शहरों में नयी सिटी विकसित करने की योजना है। 

इसके तहत सेटेलाइट टाउन या ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है। सीतामढ़ी में सीतापुरम नाम से सेटेलाइट टाउन या ग्रीनफील्ड सिटी को विकसित किया जाएगा। इसे सात सौ एकड़ में बसाया जाएगा। सीतापुरम को धार्मिक नगरी पुनौरा धाम को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा जाना है। 

माता जानकी के दिव्य और भव्य मंदिर का निर्माण

पौराणिक और धार्मिक महत्व के कारण आस्था के बड़े केंद्र पुनौरा धाम में माता जानकी के दिव्य और भव्य मंदिर के निर्माण और शहर को सीतापुरम के रूप में विकसित किए जाने से जिले का भूगोल और आर्थिकी में भी बड़ा बदलाव होगा। 

सीतापुरम जहां देसी-विदेशी धार्मिक पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा वही, संपूर्ण मिथिलांचल में पर्यटन का नया द्वार भी खोलेगा। सेटेलाइट टाउन में बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। इसके तहत चौड़ी और अच्छी सड़कें, बिजली और पानी की आपूर्ति, और आधुनिक सीवेज सिस्टम। 

व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र का निर्माण 

आधुनिक और व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र का निर्माण होगा। हरित और मनोरंजक क्षेत्र के लिए बड़े पार्क, खेल के मैदान और मनोरंजन के अन्य क्षेत्र बनाए जाएंगे। सामुदायिक केंद्र जैसी सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बेहतर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था होगी। 

औद्योगिक निवेश और व्यापार के लिए कामर्शियल जोन विकसित किया जाएगा। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए कचरा प्रबंधन जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध होगी। 

श्रद्धालओं को आधुनिक सुविधाएं 

सीतापुरम नाम से सेटेलाइट टाउन या ग्रीनफील्ड सिटी विकसित करने का उद्देश्य है कि शहर में भीड़ कम हो और लोगों को नए, साफ और आरामदायक इलाके मिल सकें। सीतापुरम में भी शहर के नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालओं को आधुनिक सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। 

अयोध्या की तर्ज पर यहां आनेवाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बड़े-बड़े मॉल, होटल, पार्क आदि का भी निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम के टाउन प्लानर राहुल कुमार ने बताया कि सीतामढ़ी में सेटेलाइट टाउन/ ग्रीनफील्ड टाउन विकासित करने के लिए यहां से चार लोकेशन का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। 

एक लोकेशन का चयन किया जाएगा

इसमें से एक लोकेशन का चयन किया जाएगा। इसमें भूमि का मूल्य व अन्य बिंदुओं पर विचार किया जाना है। भूमि के चयन के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। सेटेलाइट टाउन सात सौ एकड़ का प्लान है। यह वर्तमान शहर के आठ किलोमीटर के दायरे में स्थित होगा। नगर निगम क्षेत्र या नगर निगम की सीमा पर भी हो सकता है। यहां सभी बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। 

सिक्स लेन एनएच से भी संपर्क 

साथ ही, पुनौरा धाम जानकी मंदिर तथा प्रस्तावित सिक्स लेन एनएच से भी इसके संपर्क का ध्यान रखा जाएगा। ताकि पटना व बाहर से आने वाले यहां आसानी से पहुंच सके। इसके अलावा शहर का विस्तार करने के लिए नगर विकास विभाग द्वारा मास्टर प्लान भी तैयार किया जा रहा है। 

इसके तहत शहर को ओल्ड एरिया एवं न्यू एरिया के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए नगर विकास विभाग द्वारा एजेंसी के माध्यम सर्वे कराया जा रहा है। 

पुनौरा धाम में मां जानकी का दिव्य मंदिर बनने व सीतापुरम बसने से जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। रोजी-रोजगार बढ़ेगा। मां सीता का भव्य व दिव्य मंदिर निर्माण और सीतापुरम विकसित होने से शहर की दशा और दिशा बदल जाएगी। इलाके की आर्थिकी और सांस्कृतिक प्रभाव आसपास के जिलों में भी दिखेगा।

Table of contents [hide]

Read more

Local News