Thursday, May 7, 2026

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार जीत हासिल की है.

Share

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना में एनडीए ने अब तक का सबसे बड़ा जनादेश हासिल कर लिया है. एनडीए ने करीब 200 सीटों पर विजय प्राप्त की है. इस शानदार जीत के बाद बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार की जनता को दिल से धन्यवाद दिया और शाम 5 बजे भव्य विजय उत्सव का ऐलान किया.

बीजेपी बनी सबसे बड़ी पार्टी: इस चुनाव में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि भाजपा ने अपने सहयोगी जदयू को भी पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है. शाम 4 बजे तक के परिणामों में भाजपा 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है और जदयू 75-80 सीटों के आसपास रहा. एनडीए के छोटे घटक दलों को भी 15 से 20 सीटें मिली हैं. यह पहला मौका है जब बिहार में भाजपा अकेले दम पर 100 के आंकड़े को पार कर गई है.

शाम 5 बजे भाजपा कार्यालय में विजय जश्न: दिलीप जायसवाल ने घोषणा की कि शाम करीब 5 बजे पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया जाएगा. इसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, सभी नवनिर्वाचित विधायक और लाखों कार्यकर्ता शामिल होंगे. आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ पूरी राजधानी में जश्न का माहौल रहेगा.

“मैं बिहार के हर मतदाता को कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं. आज बिहार की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वे जंगलराज, भ्रष्टाचार और अराजकता नहीं चाहते. कानून के राज में जो विकास हुआ है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में जो विश्वास पैदा हुआ है, उस पर बिहार की जनता ने दो-तिहाई बहुमत की मुहर लगा दी है. यह जीत बिहार के युवाओं, महिलाओं, किसानों और हर उस व्यक्ति की जीत है जो शांतिपूर्ण और विकसित बिहार चाहता है.” दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

‘विपक्ष का सूपड़ा साफ, जनता ने दिया करारा जवाब’: दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जो लोग 15 साल पुराना जंगलराज लौटाना चाहते थे, जिन्होंने जातीय उन्माद फैलाया, जो भ्रष्टाचार के सहारे सत्ता पाना चाहते थे, बिहार की जनता ने उन्हें 50 से कम सीटों पर समेट कर करारा जवाब दे दिया है. यह जीत मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और नीतीश जी के सुशासन की जीत है.”

कार्यकर्ताओं में उत्साह, सड़कों पर जश्न: मतगणना शुरू होने के साथ ही सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए थे. जैसे-जैसे रुझान एनडीए के पक्ष में आते गए, जश्न का माहौल बनता गया. पटना के डाकबंगला चौराहा, कंकड़बाग, राजेंद्र नगर और बोरिंग रोड पर कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ नाचते-गाते नजर आए. कई जगहों पर मिठाई बांटी गई और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगनें लगा.

डबल इंजन की रफ्तार और तेज होगी: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह जीत सिर्फ शुरुआत है. अब बिहार में डबल इंजन की सरकार और तेज रफ्तार से विकास करेगी. 2030 तक बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों में शुमार करने का संकल्प फिर से दोहराया गया. बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अगले पांच साल में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेंगे.

Read more

Local News