Thursday, May 7, 2026

 बिहार में ठंड का इंतजार अभी लंबा है,मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में गिरावट में समय लगेगा।

Share

बिहार में ठंड का इंतजार अभी लंबा है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में गिरावट में समय लगेगा। लोगों को अभी कुछ और दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ठंड के लिए अभी और करना होगा इंतजार।

पटना। प्रदेश में नवंबर में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा, जबकि दिसंबर में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। गुलाबी ठंड भी सामान्य रूप से अपना असर दिखाएगी। नवंबर माह में रात और दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कड़ाके की ठंड को लेकर मौसमी परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं। इस तरह उच्चतम और न्यूनतम तापमान में सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है।

प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भागों को छोड़ कर शेष भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। माह में प्रदेश के अधिसंख्य भागों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एवं मौसम विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि नवंबर में प्रदेश का मौसम पछुआ के कारण शुष्क बना रहेगा। ऐसे में दिसंबर में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। माह में 10 दिन वर्षा की संभावना है।

दूसरे सप्ताह में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। पूर्वी और दक्षिणी भागों में बादल छाए रहने के साथ धुंध का प्रभाव बना रहेगा। अक्टूबर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान नौ अक्टूबर को पूर्णिया में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 अक्टूबर को वाल्मीकि नगर में दर्ज किया गया। पांच अक्टूबर को सुपौल के सरायगढ़ भपटियाही में 24 घंटों के दौरान 385.0 मिमी वर्षा दर्ज हुई। पटना का अधिकतम तापमान 21 अक्टूबर को 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माह में छह दिन वज्रपात की स्थिति रही।

पांच वर्षों के दौरान तापमान रहा अधिक

मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में पटना सहित प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान पांच वर्षों में सबसे अधिक रहा। पांच वर्षों के दौरान पटना के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।

वर्षपटनागयाभागलपुरपूर्णिया
202522.419.621.621.1
202422.721.722.021.3
202318.616.218.518.5
202217.814.618.017.1
202117.415.018.018.2

प्रदेश का मौसम रहेगा शुष्क

प्रदेश के अधिसंख्य भागों का मौसम अगले 24 घंटों के दौरान शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय तराई वाले इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, तीन से चार दिनों के दौरान अधिसंख्य भागों के तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

सुबह-शाम गुलाबी ठंड का प्रभाव बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा व ग्रामीण इलाकों में मध्यम दर्जे के कोहरा का प्रभाव बने रहने की संभावना है।

सुबह-शाम हल्के कोहरे का बना रहेगा प्रभाव

प्रदेश के अधिसंख्य भागों में सुबह-शाम हल्के कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। सुबह-शाम गुलाबी ठंड का असर रहेगा। कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस एवं 30.7 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को पटना सहित 11 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे का प्रभाव बना रहा। दिन में धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य बना रहा।

Read more

Local News