Thursday, July 23, 2026

बिहार में चलती CNG कार में लगी आग, बाल-बाल बचे महाकुंभ जा रहे सात यात्री

Share

भोजपुर जिले में बड़ा हादसा टल गया जब आरा-मोहनिया हाईवे पर चलती CNG कार में अचानक आग लग गई. कार में सवार सात लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई

बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया. आरा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर बेहरा गांव के पास चलती CNG कार में अचानक आग लग गई. कार में सवार सात लोगों, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई.

ब्लास्ट के साथ धू-धूकर जली कार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, समस्तीपुर जिले के रहने वाले ये यात्री प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए निकले थे. रास्ते में अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन CNG होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और धमाकों के साथ पूरी कार जल गई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार खाक हो चुकी थी. गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते बाहर निकल आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग कैसे लगी और क्या तकनीकी खराबी इसका कारण थी.

बड़ा हादसा टला

ग्रामीणों की तत्परता और यात्रियों की सतर्कता से सात लोगों की जान बच गई. यह घटना CNG वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है. हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और लोग इस मामले में विस्तृत जांच की मांग कर रहे हैं.

Read more

Local News