बिहार में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. इस बीच समस्तीपुर जिले में नई रेल लाइन बनाई जाएगी. रेलवे की ओर से कर्पूरीग्राम-भगवानपुर वाया ताजपुर-महुआ रेलवे लाइन को मंजूरी दी गई है. इसके निर्माण की जिम्मेदारी समस्तीपुर रेलवे मंडल को दी गई है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से लोगों को बड़ा फायदा मिल सकेगा.
किसानों को हो सकेगा फायदा
बताया जा रहा है कि इस रेल प्रोजेक्ट के पूरा होने से ताजपुर एक बिजनेस हब के रूप में डेवलप हो सकेगा. यह रेलवे लाइन ताजपुर के मोतीपुर स्थित सब्जी मंडी से गुजरेगी. इतना ही नहीं, स्टेशन को मंडी के नजदीक ही रखा जाएगा, जिससे किसानों को बड़ा फायदा हो सकेगा. रेल लाइन बनने के बाद ट्रेन का परिचालन होने से आसानी से वहां से सब्जी पटना समेत अन्य जगहों पर पहुंचाई जा सकेगी.
प्रोजेक्ट पर 1692 करोड़ रुपए किए जायेंगे खर्च
जानकारी के मुताबिक, इस रेल प्रोजेक्ट पर लगभग 1692 करोड़ रुपए खर्च किए जायेंगे. यह राशि समय और जरुरत के अनुसार बढ़ भी सकती है. इलाइट (Elite) कंसल्टेंट रुड़की की 15 सदस्यों की टीम ने 2021 में करीब एक साल में कर्पूरीग्राम से भगवानपुर तक सर्वे का कार्य पूरा किया था. दिन-रात काम करने के बाद सर्वे पूरा हो सका था.
यहां बना जाएगा रोड ओवरब्रिज
नई रेल लाइन को लेकर यह भी बताया गया कि इसमें एक भी रेलवे गुमटी नहीं होगी. बल्कि गुमटी की जगह पर सब-वे बनाए जायेंगे. लगभग 51 जगहों पर सब-वे बनाए जाने की चर्चा है. इसके साथ ही ताजपुर सब्जी मंडी के पास रोड ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा ताकि लोग ताजपुर एनएच 28 को पार कर सके.
इन जगहों पर बनाए जायेंगे स्टेशन
इसके साथ ही 7 बड़े पुल भी प्रस्तावित हैं. इस रेल लाइन में जिन 6 जगहों पर रेलवे स्टेशन बनाए जायेंगे, उनमें ताजपुर, भगवानपुर, सुलतानपुर हक हरिहर, कर्पूरीग्राम, मुकंदपुर और महुआ जलालपुर शामिल है. इसके अलावा हॉल्ट स्टेशन भी बनाए जायेंगे. इस तरह से यह प्रोजेक्ट समस्तीपुर जिले के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है.


