फ्रेंच कार निर्माता कंपनी की भारतीय शाखा Citroen India ने देश में बिल्कुल नई Citroen E-C3X को लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 10.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. यह इलेक्ट्रिक कार ‘बैटरी-एज़-अ-सर्विस’ (BaaS) ऑप्शन के साथ भी पेश की गई है, जिससे इसकी शुरुआती कीमत घटकर 6.89 लाख रुपये हो जाती है.
हालांकि इसकी बैटरी के लिए 2.26 रुपये प्रति किमी के हिसाब से EMI देनी होगी. हालांकि, BaaS की यह कीमत शुरुआती ऑफर के तौर पर रखी गई है. Citroen India का दावा है कि नई Citroen E-C3X की मेंटेनेंस कॉस्ट सबसे कम, यानी 0.19 रुपये प्रति किमी है.
यह इलेक्ट्रिक कार अभी पूरे भारत में बुकिंग के लिए उपलब्ध है. इस कार में दिलचस्पी रखने वाले खरीदार Citroen डीलरशिप पर जाकर या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए कार बुक कर सकते हैं.
2026 Citroen E-C3X का एक्सटीरियर
यह अर्बन इलेक्ट्रिक हैचबैक बेहतर आराम और ज़्यादा एडवांस्ड टेक्नोलॉजी वाले फ़ीचर्स के साथ आती है. Citroen E-C3X SUV जैसा लुक देने वाली इस इलेक्ट्रिक हैचबैक में नई LED लाइटिंग सिग्नेचर दी गई है. इसमें LED हेडलैंप और LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स लगाई गई हैं. कार में 15-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स इस्तेमाल किए गए हैं.
इस कार में आगे और पीछे स्किड प्लेट्स, फ्रंट फॉग लैंप्स, एक खास नई X-बैजिंग और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल और ऑटो-फोल्डिंग ORVMs दिए गए हैं. इस EV का ग्राउंड क्लीयरेंस 170 mm रखा गया है, जिससे यह खराब रास्तों और गड्ढों से आसानी से निकल सकती है.
इस कार का टर्निंग रेडियस 4.98 मीटर है, जो इसे शहर की भीड़-भाड़ वाली सड़कों पर आसानी से चलाने लायक बनाता है, और इसका व्हीलबेस 2,450 mm है. यह छह मोनोटोन कलर ऑप्शन में उपलब्ध है, जिसमें पोलर व्हाइट, स्टील ग्रे, कॉस्मो ब्लू, पर्ला नेरा ब्लैक, गार्नेट रेड और डीप फॉरेस्ट ग्रीन कलर ऑप्शन शामिल हैं.
2026 Citroen E-C3X का इंटीरियर
कार के केबिन पर नजर डालें तो इसमें नई E-C3X में LED इंटीरियर लाइट्स, प्रीमियम डुअल-टोन लेदरेट सीट्स, इलेक्ट्रिक ब्लू कलर थीम, 7.0-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए ब्लू थीम और वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto के साथ 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम लगाया गया है.
इसके अलावा, कार के अंदर इलेक्ट्रोक्रोमिक IRVM, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर और 40 से ज़्यादा रिमोट एक्सेस फ़ीचर्स वाला कनेक्टेड कार 2.0 सुइट भी दिया गया है. इस इलेक्ट्रिक कार में प्रीमियम JBL ऑडियो सिस्टम भी मिलता है.
खास तौर पर ट्यून किए गए सस्पेंशन की वजह से यह EV बेहतरीन राइड क्वालिटी देने का दावा करती है. Citroen E-C3X में अपनी क्लास में सबसे ज़्यादा 1,375 mm का शोल्डर रूम होने का दावा किया गया है, साथ ही इसमें 315 लीटर का बूट स्पेस भी मिलता है, जिसमें सामान रखने के लिए काफी जगह मिलती है. कार के इंटीरियर में तीन अलग-अलग शेड्स दिए गए हैं.
2026 Citroen E-C3X के सेफ्टी फीचर्स
कार में मिलने वाले सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इस इलेक्ट्रिक कार में छह एयरबैग्स, EBD के साथ ABS, टॉप टेदर के साथ ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट, स्पीड-सेंसिटिव ऑटो डोर लॉक, हाई-स्पीड अलर्ट सिस्टम और ऑप्शनल फ्रंट व रियर डैशकैम जैसे फ़ीचर मिलते हैं.
इस कार में प्रेडिक्टिव सेफ्टी फ़ंक्शनैलिटी भी मिलती हैं, जैसे लेन डिपार्चर वॉर्निंग (LDW), फ्रंट व्हीकल डिस्टेंस अलर्ट (FVDA) और पैदल चलने वालों या बिना मोटर वाले वाहनों के लिए वॉर्निंग जैसे फीचर्स मिलते हैं.
2026 Citroen E-C3X का पावरट्रेन
Citroen E-C3X के पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इस कार में 29.2 kWh का LFP बैटरी पैक लगाया गया है. इसके अलावा, इसमें आगे की तरफ सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है. यह सेटअप 56 bhp की पीक पावर और 143 Nm का इंस्टेंट टॉर्क प्रदान करता है. कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह 320 km तक की रेंज प्रदान करती है.


