Friday, November 27, 2026

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू, जानें रूट और किराया

Share

18 मार्गों पर होगा बसों का परिचालन, एसी और नॉन-एसी सीटर-स्लीपर की सुविधा; ऑनलाइन टिकट बुकिंग BSRTC पोर्टल पर

पटना: बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है। राज्य के 13 जिलों से राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बसें चलेंगी। इन बसों का परिचालन कुल 18 मार्गों पर किया जाएगा। इससे उन यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें ट्रेन या अन्य साधनों से यात्रा के दौरान भीड़ और टिकट की परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। इससे पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

18 रूटों पर चलेंगी बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के मुताबिक, अंतरराज्यीय परिचालन के लिए 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत 150 बसों का परिचालन भी किया जाएगा।

दिल्ली के लिए निर्धारित 18 मार्गों में सबसे अधिक चार रूट पटना से हैं। मुजफ्फरपुर और गया से दो-दो मार्ग तय किए गए हैं। वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक रूट निर्धारित किया गया है।

प्रत्येक मार्ग पर बिहार और दिल्ली, दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा तय किया गया है।

सालभर बस सेवा चलाने की तैयारी

परिवहन मंत्री दामोदर रावत के अनुसार, पहले बिहार से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवाएं मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान चलाई जाती थीं। वर्ष 2025 में त्योहारों के समय ट्रेनों और अन्य परिवहन साधनों में यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार ने निगम और PPP मॉडल के तहत 210 बसों का संचालन किया था।

वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर 155 बसें चलाई गई थीं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और मांग को देखते हुए अब इन सेवाओं को नियमित रूप से चलाने की दिशा में कदम उठाया गया है।

बिहार-हरियाणा के बीच भी हुआ समझौता

मंत्री ने बताया कि बिहार और हरियाणा के बीच भी जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस परिचालन के लिए समझौता हुआ था। इसके तहत निगम को 36 बसों के परमिट मिल चुके हैं। इन मार्गों पर चलने वाली ज्यादातर बसें दिल्ली से होकर हरियाणा के अलग-अलग शहरों तक जाएंगी। इससे बिहार-दिल्ली और बिहार-हरियाणा के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

प्रमुख शहरों से दिल्ली तक बस का किराया

बसों में चार श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है—नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर। प्रमुख मार्गों का किराया इस प्रकार है:

रूटनॉन-एसी सीटरनॉन-एसी स्लीपरएसी सीटरएसी स्लीपर
पटना-दिल्ली₹1,615₹1,715₹1,980₹2,919
मुजफ्फरपुर-दिल्ली₹1,470₹1,570₹1,804₹2,717
गया-दिल्ली₹1,555₹1,655₹1,907₹2,784
दरभंगा-दिल्ली₹1,592₹1,692₹1,853₹2,866
पूर्णिया-दिल्ली₹2,018₹2,118₹2,470₹3,383
भागलपुर-दिल्ली₹1,917₹2,017₹2,347₹3,256
अररिया-दिल्ली₹1,929₹2,029₹2,362₹3,275
किशनगंज-दिल्ली₹2,011₹2,111₹2,463₹3,375
मोतिहारी-दिल्ली₹1,429₹1,529₹1,755₹2,694
सीतामढ़ी-दिल्ली₹1,579₹1,679₹1,937₹2,850
शिवहर-दिल्ली₹1,559₹1,659₹1,913₹2,821
सीवान-दिल्ली₹1,276₹1,376₹1,568₹2,467
सुपौल-दिल्ली₹1,774₹1,874₹2,175₹3,114
लौकहा-दिल्ली₹1,844₹1,944₹2,257₹3,176

ऑनलाइन टिकट कहां से बुक करें?

यात्री बसों की समय-सारणी, अन्य मार्गों का किराया और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आधिकारिक पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं।

वेबसाइट: www.bsrtc.bihar.gov.in
टोल फ्री नंबर: 1800-345-7251

बस सेवा को नियमित करने का उद्देश्य बिहार और दिल्ली के बीच यात्रियों के लिए आवागमन के विकल्प बढ़ाना और त्योहारों के अलावा सामान्य दिनों में भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

Read more

Local News