हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को सांसद मनीष जायसवाल और बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। बैठक में सड़क, पेयजल, स्टेडियम निर्माण और स्थानीय कारोबारियों को मिल रही आपराधिक धमकियों समेत कई मुद्दे उठाए गए।
सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता और तेजी से काम करने को कहा। मुलाकात के बाद मनीष जायसवाल ने बताया कि उपायुक्त के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से सकारात्मक बातचीत हुई है। उनके मुताबिक, डीसी ने अगले एक सप्ताह के भीतर समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है।
जीटी रोड पर जाम और दुर्घटनाओं का मुद्दा उठा
बरही विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (जीटी रोड) की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। बरही चौक, महुदी और रसोइया धमना में लगातार लगने वाले जाम, सड़क दुर्घटनाओं और खराब सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
इन मुद्दों पर सांसद और विधायक ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी के साथ भी विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक में क्षेत्र की अन्य बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। अब लोगों को प्रशासन की ओर से तय समयसीमा में की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार है।
